एक्सक्लूसिव खबरेंराजनीतिहरिद्वार भारत

ज्वालापुर विधानसभा से भाजपा टिकट की दावेदारी तेज मनोज कुमार गौतम ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा आवेदन

ज्वालापुर विधानसभा से भाजपा टिकट की दावेदारी तेज मनोज कुमार गौतम ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा आवेदन

भारत आवाज़ (24*7)

(विशाल करनवाल) ​हरिद्वार, 13 नवम्बर। आगामी चुनावों को लेकर ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मनोज कुमार गौतम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्वालापुर विधानसभा सीट से पार्टी टिकट के लिए अपना आवेदन सौंपा है।

​28 वर्षों के संगठन अनुभव का दिया हवाला

दावेदारी पेश करते हुए मनोज कुमार गौतम ने कहा कि वे पिछले 28 वर्षों से एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के लिए कार्य कर रहे हैं और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता का स्नेह और सभी वर्गों का समर्थन उन्हें प्राप्त है, तथा वे निरंतर आमजन के संपर्क में बने हुए हैं।

​वर्तमान विधायक की कार्यशैली पर उठाए सवाल

गौतम ने ज्वालापुर के वर्तमान कांग्रेस विधायक रवि बहादुर के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे जनता की आकांक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उनके अनुसार क्षेत्र में जन समस्याओं का अंबार लगा हुआ है और स्थानीय निवासी बिजली, पेयजल, सड़कों तथा सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहे हैं।

​आदर्श विधानसभा बनाने का संकल्प

मनोज कुमार गौतम ने विश्वास जताया कि यदि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें अवसर देता है, तो वे ज्वालापुर सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक चुने जाने पर वे जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे जनता के बीच उपलब्ध रहेंगे और ज्वालापुर को एक आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करेंगे।

Related Articles

Back to top button