गुरुकुल कांगड़ी में 19-20 दिसम्बर को होगा स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान शताब्दी समारोह भारत रत्न देने की उठी मांग
गुरुकुल कांगड़ी में 19-20 दिसम्बर को होगा स्वामी श्रद्धानंद का बलिदान शताब्दी समारोह भारत रत्न देने की उठी मांग

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 13 नवम्बर। महान स्वतंत्रता सेनानी और गुरुकुल शिक्षा पद्धति के पुरोधा महात्मा स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान की शताब्दी के अवसर पर 19 और 20 दिसम्बर को गुरुकुल कांगड़ी में दो दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए स्वामी आर्यवेश की अध्यक्षता में आर्य समाज के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि स्वामी श्रद्धानंद के अतुलनीय योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार से उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से अलंकृत करने की मांग की जाएगी।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति के पुनरुत्थान में स्वामी श्रद्धानंद का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि गुरुकुलों को भी अन्य सरकारी शिक्षण संस्थानों की तरह सभी आधुनिक सुविधाएं प्रदान कर सशक्त बनाया जाए। उन्होंने जानकारी दी कि इस शताब्दी समारोह में केंद्र और राज्य सरकार के कई प्रमुख मंत्री भी शिरकत करेंगे।
- अध्यक्षीय संबोधन में स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी श्रद्धानंद ने लॉर्ड मैकाले की शिक्षा नीति के विरुद्ध एक सशक्त विकल्प खड़ा किया और गुरुकुल शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र व चरित्र निर्माण की नींव रखी। ऐसे युगपुरुष को भारत रत्न दिया जाना पूरे राष्ट्र के लिए गौरव की बात होगी। उन्होंने बताया कि स्वामी यतीश्वरानंद के संयोजन में होने वाले इस मुख्य समारोह की अध्यक्षता योगगुरु स्वामी रामदेव करेंगे। इस आयोजन में देश के कोने-कोने से हजारों की संख्या में आर्यजन, संन्यासी, विद्वान, गुरुकुलों के आचार्य, भजनोंपदेशक और युवा संगठनकर्ता भाग लेंगे।
सार्वदेशिक आर्य युवक परिषद के राष्ट्रीय महासचिव स्वामी आदित्यवेश ने अपने विचार रखते हुए कहा कि स्वामी श्रद्धानंद का सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णाक्षरों में अंकित रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, वैदिक संस्कृति और समाज सुधार के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस तैयारी बैठक में आचार्य धनंजय, शत्रुघ्न मौर्य, मानपाल सिंह राठी, हाकम सिंह आर्य, तेलूराम आर्य, स्वामी मेधानंद, महात्मा कृष्ण मुनि, आचार्य सविता, स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी विरक्तदेव, कामेंद्र आर्य, ओमप्रकाश मलिक, दिनेश आर्य, धर्मेंद्र आर्य, अवनीश आर्य और दीपक आर्य समेत बड़ी संख्या में आर्य समाज के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




