राष्ट्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों के चरित्र संस्कार और नैतिक मूल्यों में निहित: राज्यपाल
विकसित भारत 2047 के लिए भौतिक प्रगति के साथ नैतिक एवं आध्यात्मिक उन्नति भी जरूरी

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार / देहरादून, 21 नवम्बर उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, संस्कार, नैतिकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव में निहित होती है। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ चिंतन, शुद्ध आचरण और लोकमंगल के लिए समर्पित कर्म ही एक समर्थ राष्ट्र की मजबूत आधारशिला हैं।
शताब्दी वर्ष को बताया प्रेरणादायी अवसर
राज्यपाल ने अखंड ज्योति के अवतरण की शताब्दी तथा माता भगवती देवी शर्मा जी के जन्मशताब्दी वर्ष को आध्यात्मिक चेतना और लोकमंगल का प्रेरणादायी अवसर बताया। उन्होंने कहा कि गुरुदेव की विचारधारा और माताजी के त्याग सेवा तथा नारी जागरण के आदर्श समाज को मानव कल्याण के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं।
नारी शक्ति और युवाओं पर विशेष जोर
राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका को रेखांकित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि बेटियों को शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना केवल उनके भविष्य को संवारना नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और पूरे राष्ट्र को सशक्त करना है। उन्होंने समाज में सत्य, करुणा, सेवा, ईमानदारी, परोपकार और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई।
युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र में परिवर्तन की सबसे बड़ी संवाहक है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और संकल्पशक्ति को सही दिशा देना समय की मांग है। राज्यपाल ने कहा कि युवाओं को आधुनिक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों और नैतिक मूल्यों से भी जुड़े रहना चाहिए।
आधुनिक तकनीक के साथ मानवीय संवेदना जरूरी
देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कार्यों की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, संस्कृति और अध्यात्म को आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और प्रौद्योगिकी के युग में वैज्ञानिक प्रगति के साथ मानवीय संवेदना, नैतिक विवेक और सामाजिक उत्तरदायित्व का समन्वय बेहद जरूरी है।
विकसित भारत 2047 में देवभूमि के योगदान का उल्लेख
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता के साथ नैतिक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उन्नति भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं के बल पर इस राष्ट्रीय संकल्प में अहम योगदान दे सकता है।
दीप महायज्ञ और संस्कारवान परिवार का आह्वान
दीप महायज्ञ को त्याग, सहयोग, समर्पण और लोकमंगल का प्रतीक बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि यज्ञ की प्रत्येक आहुति समाज एवं राष्ट्र के हित में योगदान देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने सभी से सेवा सद्भाव, सहयोग और समर्पण के मूल्यों को अपनाने तथा परिवारों को संस्कारवान बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संत-महात्मागण, अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्वज्जन एवं युवा उपस्थित रहे।




