विश्व मात्स्यिकी दिवस: सीएम धामी ने अमरापुर घाट पर किया 10 हजार मत्स्य बीज का संचय गंगा संरक्षण में जनभागीदारी की अपील
विश्व मात्स्यिकी दिवस: सीएम धामी ने अमरापुर घाट पर किया 10 हजार मत्स्य बीज का संचय गंगा संरक्षण में जनभागीदारी की अपील

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 22 नवंबर विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित अमरापुर घाट पर मां गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से 10 हजार मत्स्य बीज का संचय किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का लक्ष्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को समृद्ध करना जलीय जैव विविधता को बचाना और नदी की पारिस्थितिकी को संतुलित रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
सामूहिक जिम्मेदारी है गंगा की निर्मलता
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मां गंगा हमारी आस्था और संस्कृति का आधार होने के साथ-साथ समृद्ध प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता का भी अहम स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गंगा सहित राज्य की नदियों में मौजूद प्राकृतिक जलीय जीवों एवं मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
जलीय पारिस्थितिकी और मत्स्य उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
सीएम धामी ने कहा कि नदियों में मत्स्य बीज संचयन जैसी पहल प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों को बढ़ाने और सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाती है। इससे नदी में मछलियों की उपलब्धता बढ़ने के साथ-साथ जलीय पारिस्थितिकी मजबूत होती है और मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों को केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बचाया जा सकता बल्कि इसके लिए समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
प्रदूषण रोकने और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश
मुख्यमंत्री ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने के साथ जलीय जीवों तथा प्राकृतिक मत्स्य संपदा के संरक्षण में भी सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि नदियों में प्रदूषण पर रोक लगाना जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य श्रीमती गरिमा मिश्रा और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




