हरिद्वार जनसुनवाई: 49 में से 28 शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान सीएम हेल्पलाइन की 870 लंबित शिकायतों पर सीडीओ सख्त
हरिद्वार जनसुनवाई: 49 में से 28 शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान सीएम हेल्पलाइन की 870 लंबित शिकायतों पर सीडीओ सख्त

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 23 नवंबर जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में हुई इस सुनवाई में विभिन्न विभागों की कुल 49 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
जमीन अतिक्रमण और गंदे पानी से जुड़ी शिकायतों की भरमार
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़े मामले सामने आए। प्रमुख शिकायतों में:
- गैंडीखाता: वन गुर्जर बजीर अली ने डेरों के आसपास सोलर लाइट लगवाने की मांग रखी।
- इमलीखेड़ा (रुड़की): बाबूराम सैनी ने ग्राम गुम्मावाला स्थित सरकारी नलकूप 99-G को शिफ्ट कर लगवाने का अनुरोध किया।
- ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया: तेजेंद्र सिंह ने मारुति शिवरों के पास पार्क व सर्विस रोड से अवैध अतिक्रमण हटाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।
- कुतुबपुर (रानीपुर): यशपाल सिंह, दाताराम, सचिन कुमार, रामकुमार और राव मुनतवीर ने नाली के जरिए खेतों में आबादी का गंदा पानी, गोबर व कूड़ा आने से फसल खराब होने की शिकायत की।
- रोहलकी किशनपुर: मनोज कुमार ने सिंचाई व राजस्व विभाग के रास्ते के खसरा नंबर 250, 249 और 294 से अवैध अतिक्रमण हटाने की गुहार लगाई।
- इक्कड़ खुर्द (बहादराबाद): मोहम्मद जाकिर ने अपने घर से अकील के घर तक करीब 100 फीट सड़क निर्माण की मांग की।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी सीएम हेल्पलाइन पर सख्ती
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई की शिकायतों का निस्तारण शीर्ष प्राथमिकता, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण जरूरी है, वहां अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान करें। सीडीओ ने चेताया कि किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पोर्टल की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए। बताया गया कि वर्तमान में L-1 स्तर पर 686 और L-2 स्तर पर 184 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं जिन्हें शीघ्र निपटाने को कहा गया है।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, एसडीएम नीतू डांगर, डीडीओ कमलेश कुमार पंत, जीएम डीआईसी उत्तम कुमार तिवारी, एएमए जिला पंचायत महेश कुमार बिश्नोई, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, पीडी उरेडा वाई.एस. बिष्ट समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और फरियादी मौजूद रहे।




