सैलानियों का इंतजार खत्म: 15 नवंबर से खुलेंगे राजाजी टाइगर रिजर्व के द्वार सफारी के दौरान मोबाइल पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
सैलानियों का इंतजार खत्म: 15 नवंबर से खुलेंगे राजाजी टाइगर रिजर्व के द्वार सफारी के दौरान मोबाइल पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

भारत आवाज़ (24*7)
(आशु कुमार) हरिद्वार, 13 नवंबर। वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खुशखबरी है। मानसून सीजन के चलते पांच महीने के लंबे अंतराल के बाद राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट आगामी 15 नवंबर से सैलानियों के लिए फिर से खोल दिए जाएंगे। वन विभाग ने नए पर्यटन सत्र के स्वागत के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
हरिद्वार रेंज स्थित रानीपुर सफारी गेट को पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। गुरुवार को वन क्षेत्राधिकारी आभा रतूड़ी ने वन कर्मियों की टीम के साथ रावली छिड़क, हरनोल और सफारी गेट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बारिश से क्षतिग्रस्त हुए पर्यटक मार्गों की मरम्मत कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है।
वन क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) द्वारा निर्धारित समय-सीमा और नियमों का सख्ती से पालन करते हुए सैलानियों को सुरक्षित सफारी कराई जाएगी। इसके साथ ही, न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में इस बार सफारी के दौरान किसी भी पर्यटक या कर्मचारी को पार्क के भीतर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी।




