मधुमेह से लड़ रहे बच्चों के लिए मिसाल बना रामकृष्ण मिशन का यह क्लब 3 से शुरू हुआ सफर 180 युवाओं तक पहुंचा; DM बोले- लक्ष्य बेहतर कार्य करना हो
मधुमेह से लड़ रहे बच्चों के लिए मिसाल बना रामकृष्ण मिशन का यह क्लब 3 से शुरू हुआ सफर 180 युवाओं तक पहुंचा; DM बोले- लक्ष्य बेहतर कार्य करना हो

भारत आवाज़ (24*7)
(आशु कुमार) हरिद्वार, 22 नवंबर कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम में अंतरराष्ट्रीय मधुमेह दिवस के अवसर पर जागरूकता संगोष्ठी एवं चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर एवं रिबन काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पूर्व उन्होंने स्वामी रामकृष्ण परमहंस मां शारदा और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
जीवन का लक्ष्य समाज के लिए उपयोगी बनना हो
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मधुमेह से पीड़ित बच्चों व युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच जगाने के लिए रामकृष्ण मिशन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को जीवन जीने की कला सिखाना और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना पुण्य का कार्य है। डीएम ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन भी इस पुनीत कार्य में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन का लक्ष्य बेहतर कार्य करना और समाज के लिए उपयोगी बनना होना चाहिए।
3 बच्चों से शुरू हुई पहल अब जुड़े 180 बच्चे और युवा
रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने बताया कि करीब 20 वर्ष पहले मधुमेह से पीड़ित तीन छोटे बच्चों के साथ इस पहल की शुरुआत हुई थी। इसका मकसद बेहतर इलाज के साथ-साथ बच्चों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की ताकत देना था। आज इस क्लब से लगभग 180 बच्चे और युवा जुड़ चुके हैं जिन्हें आश्रम के चिकित्सक नियमित रूप से स्वास्थ्य प्रबंधन और जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देते हैं।
5 से 25 वर्ष तक के युवाओं ने साझा किए अनुभव दी यह प्रेरणा
कार्यक्रम में 5 वर्ष के बच्चों से लेकर 25 वर्ष तक के युवाओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि मधुमेह के बावजूद वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेलकूद गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर यह संदेश दिया कि बीमारी उनके सपनों और क्षमताओं के आड़े नहीं आ सकती।
स्वामी निखिलेश्वरानंद ने सुनाई भेड़ और शेरनी की कहानी
रामकृष्ण मिशन राजकोट से आए स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने भेड़ और शेरनी की प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से बच्चों को अपनी वास्तविक क्षमता पहचानने और आत्मबल के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
निराशा से निकलकर बने एडवोकेट और नेशनल बॉडीबिल्डर
कार्यक्रम में 25 वर्षीय युवा एडवोकेट एवं नेशनल बॉडीबिल्डर हितार्थ प्रिंस ने अपना सफर साझा करते हुए बताया कि 5-6 वर्ष की उम्र में जब वे आश्रम आए थे, तब बीमारी के कारण बेहद निराश थे। क्लब से जुड़ने के बाद संतों और चिकित्सकों के मार्गदर्शन ने उन्हें बीमारी से लड़ने और सपने पूरे करने का आत्मविश्वास दिया।
अतिथियों का सम्मान और गणमान्य लोगों की उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान डॉ. स्वामी दयामूर्त्यानंद महाराज ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को शॉल स्मृति चिह्न और स्वामी विवेकानंद से जुड़ी पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मधुमेह से पीड़ित युवा मयंक ने किया।
इस अवसर पर स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज, जगदीश महाराज, महंत गुरमीत सिंह महाराज, स्वामी नित्यानंद महाराज, डॉ. समरजीत चौधरी, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. रश्मि, डॉ. कुलदीप सिंह, डॉ. अश्विनी अनेजा, अमेरिका से आए डॉ. विधु शेखर पालीवाल, नर्सिंग डायरेक्टर मिनी यौनोहन, डॉ. राधिका नागरथ, रविंद्र नारंग, अमरजीत सचदेवा, वागीश पालीवाल, गोकुल सिंह और सुरभि समेत कई चिकित्सक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




