कुम्भ-2027 की तैयारी: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन का बनेगा अभेद्य प्लान अधिकारियों ने परखीं व्यवस्थाएं
कुम्भ-2027 की तैयारी: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन का बनेगा अभेद्य प्लान अधिकारियों ने परखीं व्यवस्थाएं

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल करनवाल ) हरिद्वार: आगामी कुम्भ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और रेलवे ने कमर कस ली है। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका, आईजी (कुम्भ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत मुरादाबाद मंडल की डीआरएम विनीता श्रीवास्तव, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी (कुम्भ) आयुष अग्रवाल ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
नवनिर्मित यात्री सुविधाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने स्टेशन पर नवनिर्मित अनारक्षित टिकट केंद्र, प्रतीक्षालय और होल्डिंग एरिया की व्यवस्थाओं को देखा। रेलवे अधिकारियों ने मेले के दौरान संभावित भीड़ के दबाव को संभालने के लिए तैयार किए गए ब्लूप्रिंट की जानकारी साझा की। प्रशासन ने निर्देश दिए कि हरिद्वार के साथ-साथ आसपास के रेलवे स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर मुख्य फोकस
संयुक्त बैठक और निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन को लेकर कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनी:
- अलग प्रवेश और निकास मार्ग: आरक्षित और अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के अलग-अलग रास्ते तय किए जाएंगे। साथ ही, अलग-अलग दिशाओं में जाने वाले यात्रियों के लिए पृथक प्रस्थान व्यवस्था विकसित होगी।
- मॉक ड्रिल से परखी जाएंगी तैयारियां: मेलाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने जोर दिया कि मेले से पहले सभी प्रस्तावित सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं को मॉक ड्रिल के जरिए परखा जाए ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
- पार्किंग और ट्रैफिक प्रबंधन: पुलिस अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा जिससे मुख्य सड़कों पर वाहन खड़े न हों और शहर का यातायात सुचारू रहे।
- ट्रेनों की समय-सारणी में तालमेल: एक ही समय पर स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ जमा न हो इसके लिए ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और यात्रियों की संख्या के बीच बेहतर समन्वय रखा जाएगा।
जल्द अंतिम रूप लेगी कार्ययोजना
निरीक्षण में सामने आए सुझावों को शामिल करते हुए रेलवे जल्द ही अपनी कार्ययोजना को अंतिम रूप देगा। इसके बाद मेला प्रशासन और पुलिस के साथ आपसी समन्वय बनाकर सभी निर्माण और प्रबंधन कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उत्तर रेलवे के ओएसडी (कुंभ) राजीव रंजन, राजू सीनियर डीसीएम महेश यादव, सीनियर डीईएन तेजवीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि, अपर पुलिस अधीक्षक (कुम्भ) राजेश भट्ट, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार और सीओ जीआरपी अनुज कुमार सहित रेलवे, जीआरपी और आरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




