जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई को लेकर प्रशासन ने कसी कमर चप्पे-चप्पे का लिया जायजा
जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई को लेकर प्रशासन ने कसी कमर चप्पे-चप्पे का लिया जायजा

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार: आगामी कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की शाही और पारंपरिक पेशवाइयां श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र होंगी। इन भव्य शोभायात्राओं को पूरी गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेला प्रशासन और पुलिस महकमे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को मेला प्रशासन के आला अधिकारियों ने जूना अखाड़े के संतों के साथ प्रस्तावित पेशवाई मार्ग, रमता पंचों के विश्राम स्थल और छावनी की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
गुघाल मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ मंथन
निरीक्षण की शुरुआत पांडेवाला स्थित प्राचीन गुघाल मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। यहां अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, पुलिस अधिकारियों और अखाड़े के संतों ने पेशवाई के रूट मैप पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों की टीम ने पांडेवाला मंदिर से लेकर जूना अखाड़े की छावनी तक जाने वाले पारंपरिक मार्ग का पैदल जायजा लिया। इस दौरान रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों संकरे रास्तों और संवेदनशील बिंदुओं को चिह्नित कर संबंधित विभागों को समय रहते सभी खामियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
रमता पंचों के विश्राम स्थल से छावनी तक चाक-चौबंद रहेंगे इंतजाम
बैठक में श्यामपुर स्थित रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रस्थान और छावनी में प्रवेश तक की पूरी रूपरेखा तय की गई। प्रशासन का मुख्य फोकस इस बात पर है कि शोभायात्रा के दौरान साधु-संतों और लाखों श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो। इसके लिए निम्नलिखित व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्णय लिया गया है:
- यातायात और सुरक्षा: पेशवाई के दौरान निर्बाध आवागमन के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती।
- मूलभूत सुविधाएं: पूरे मार्ग पर सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध विद्युत एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और विशेष सफाई अभियान।
- आपातकालीन सेवाएं: मार्ग में पड़ने वाले पेड़ों की छंटाई (लॉपिंग) जगह-जगह मेडिकल कैंप और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) वाहनों की तैनाती।
संतों के सुझावों पर अमल करेगा प्रशासन
अधिकारियों ने जूना अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत प्रेमगिरि महाराज, उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी, सचिव श्रीमहंत शैलेंद्र गिरि महाराज और महंत भास्कर पुरी के साथ बैठक कर उनके सुझाव लिए। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि अखाड़े की परंपराओं और संतों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करेंगे।
क्या कहती हैं मेलाधिकारी?
मेलाधिकारी सोनिका ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की पेशवाइयां हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं। इन्हें सुरक्षित और भव्य बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और निरीक्षण में सामने आए हर बिंदु पर प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा करें।
इस दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ (कुंभ) उमेश मलिक, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की और व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




