लक्सर पुलिस की सख्त कार्रवाई: ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराकर बदमाश को किया जिला बदर
एक महीने के लिए हरिद्वार की सीमा में प्रवेश पर पाबंदी मुजफ्फरनगर बॉर्डर पर छोड़ा

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) लक्सर। जनपद में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लक्सर कोतवाली पुलिस ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन अपराधी को एक माह के लिए जिला बदर कर दिया है। पुलिस ने क्षेत्र में ढोल-नगाड़े बजवाकर सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई और आरोपी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की सीमा में छोड़ दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलाधिकारी के आदेशों का अनुपालन करते हुए यह कार्रवाई अमल में लाई गई। जिला बदर किया गया आरोपी आकाश उर्फ भोला मूल रूप से कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम दाबकी कला का रहने वाला है, जो वर्तमान में लक्सर के वार्ड नंबर-1 में निवास कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध लक्सर कोतवाली में आर्म्स एक्ट के तहत तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें वर्ष 2023 के दो और 2024 का एक मुकदमा शामिल है।
पुलिस टीम ने आरोपी को स्पष्ट हिदायत दी है कि निर्धारित एक महीने की अवधि के दौरान वह हरिद्वार जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि वह आदेशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस मुनादी और सख्त रवैये को क्षेत्र के अन्य असामाजिक तत्वों के लिए एक कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी उपनिरीक्षक समीप पाण्डेय, हेड कांस्टेबल मनोज मलिक अरविंद रावत और कांस्टेबल नवीन चंद शामिल रहे।




