एक्सक्लूसिव खबरेंदुर्घटनाप्रशासनहरिद्वार भारत

हरिद्वार में यातायात नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग का हंटर: 187 चालान कटे 7 वाहन सीज

हरिद्वार में यातायात नियमों की अनदेखी पर परिवहन विभाग का हंटर: 187 चालान कटे 7 वाहन सीज

भारत आवाज़ (24*7)

​(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 14 नवंबर: धर्मनगरी की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे वाहनों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों पर संभागीय परिवहन विभाग की टीमों ने जिले के प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वाले 187 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि गंभीर अनियमितताओं के चलते 7 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

​इन इलाकों में चला सघन अभियान

संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) निखिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में विभाग की अलग-अलग टीमों ने बीएचईएल सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में मोर्चा संभाला। अभियान के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई।

​रफ्तार और बिना हेलमेट वालों पर सबसे ज्यादा सख्ती

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा गाज तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर गिरी:

  • ​बिना हेलमेट: 70 चालान
  • ​ओवरस्पीडिंग (तेज गति): 68 चालान
  • ​अन्य उल्लंघन (49 चालान): बिना वैध परमिट, परमिट शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, वाहनों में अनधिकृत बदलाव (मॉडिफिकेशन), प्रदूषण मानकों की अनदेखी, और फिटनेस, बीमा, डीएल व टैक्स से जुड़ी अनियमितताएं।

​इसके अलावा, यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां ठूंसने और मालवाहक (कमर्शियल) वाहनों में यात्रियों को ढोने जैसे खतरनाक उल्लंघनों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।

​टीम में ये अधिकारी रहे शामिल

इस प्रवर्तन अभियान को सफल बनाने में सुश्री वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी की अहम भूमिका रही।

​विभाग की अपील और चेतावनी

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों और संचालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए निर्धारित गति सीमा का पालन करें दोपहिया चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और वाहन के सभी दस्तावेज वैध रखें। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर और और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button