विश्व मात्स्यिकी दिवस: गंगा में मत्स्य बीज संचयन और कामधेनु लोक में पौधारोपण जलीय जैव विविधता संरक्षण का दिया संदेश
विश्व मात्स्यिकी दिवस: गंगा में मत्स्य बीज संचयन और कामधेनु लोक में पौधारोपण जलीय जैव विविधता संरक्षण का दिया संदेश

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 21 नवम्बर । विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर शनिवार को हरिद्वार में जलीय जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मत्स्य विभाग हरिद्वार की ओर से कामधेनु घाट स्थित गंगा नदी की मुख्य धारा में मत्स्य बीज संचयन किया गया जबकि कामधेनु लोक में पौधारोपण कर हरियाली और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करना जलीय जैव विविधता को सुरक्षित रखना पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखना और आमजन को जलस्रोतों व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर निदेशक मत्स्य विभाग, उत्तराखण्ड सी.एस. धर्मशक्तु, उपनिदेशक मत्स्य प्रमोद कुमार शुक्ल तथा उपनिदेशक मत्स्य, गढ़वाल मंडल अल्पना हल्दिया की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने किया। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. नीलकांत सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।
विशिष्ट अतिथियों ने गंगा नदी में मत्स्य बीज संचयन किया और कामधेनु लोक में पौधे रोपे। वक्ताओं ने कहा कि नदियों में वैज्ञानिक पद्धति से गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संचयन प्राकृतिक मत्स्य भंडार को समृद्ध करने के साथ-साथ जलीय जैव विविधता के संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने बताया कि इससे नदी के प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन के साथ भविष्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलती है।
आयोजन के माध्यम से गंगा नदी के संरक्षण, प्राकृतिक मत्स्य संसाधनों के संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।




