एक्सक्लूसिव खबरेंराजनीतिराष्ट्रीयहरिद्वार भारत

हरिद्वार: नम आंखों से विदा हुईं सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी, सीएम धामी समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार: नम आंखों से विदा हुईं सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी, सीएम धामी समेत दिग्गजों ने दी श्रद्धांजलि

भारत आवाज़ (24*7)

(विशाल सिंह) ​हरिद्वार, 21 नवंबर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी स्वर्गीय श्रीमती सावित्री देवी शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर पूरे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस गमगीन मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत देशभर के कई दिग्गज नेता, संत-महात्मा और हजारों की संख्या में आमजन अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।

​सीएम धामी ने व्यक्त की गहरी संवेदना

अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वर्गीय सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके शोकाकुल परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया। सीएम धामी ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे अमूल्य धरोहर है और उनका निधन पूरे परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

​देशभर के संत-महात्माओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

अंतिम यात्रा और संस्कार के दौरान आध्यात्मिक जगत की कई बड़ी विभूतियां मौजूद रहीं। योगऋषि स्वामी रामदेव, पतंजलि योगपीठ के महामंत्री आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती,  पंचायती अखाड़ा निरंजनी के श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती, श्रीमहंत संजय, महंत ऋषिश्वरानंद और स्वामी कल्याण देव सहित अनेक संतों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

​यूपी और उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों व जनप्रतिनिधियों का जमावड़ा

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति के कई बड़े चेहरे मौजूद रहे:

  • ​उत्तर प्रदेश से: उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, के.पी. मलिक, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, दिनेश खटीक, सुनील कुमार शर्मा, दिनेश प्रताप सिंह, जसवंत सिंह सैनी, गुलाब देवी, धर्मपाल सिंह, जयवीर सिंह, बलदेव सिंह औलख और गोरखपुर सांसद रवि किशन व सुरेंद्र दिलेर।
  • ​उत्तराखंड से: पूर्व मुख्यमंत्री व हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी व डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मंत्री मदन कौशिक, प्रेमचंद अग्रवाल और रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा।

​प्रशासनिक अमला भी रहा मौजूद

अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मौके पर उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी ए.पी. अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button