पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का फरार इनामी बदमाश घायल आम के बाग से गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का फरार इनामी बदमाश घायल आम के बाग से गिरफ्तार

भारत आवाज़ (24*7)
भगवानपुर थाना क्षेत्र का मामला पुलिस ने एक बछड़ा और गोकशी के उपकरण किए बरामद
मुठभेड़ के दौरान जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हुआ आरोपी छोटू
(आशु कुमार) हरिद्वार: उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण और गोतस्करी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में भगवानपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गोकशी के एक फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है जिसे इलाज के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
बीती 10 नवंबर को कोतवाली भगवानपुर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि गोकशी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी छोटू (निवासी हलजोरा) आईटीआई तिराहे से मसाई मार्ग पर स्थित एक आम के बाग में गोकशी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर आम के बाग की घेराबंदी (कांबिंग) शुरू कर दी।
पुलिस पर की थी फायरिंग
बाग के भीतर पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। जब पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने पुलिसबल पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की कई चेतावनियां दीं लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और लगातार गोलियां चलाता रहा।
आखिरकार आत्मरक्षा में पुलिस टीम को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पुलिस की गोली आरोपी के पैर में जा लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया।
बरामदगी और आपराधिक इतिहास
- बरामद सामान: मौके से पुलिस ने एक अवैध देशी तमंचा दो खोखा व जिंदा कारतूस एक जीवित बछड़ा गोकशी में इस्तेमाल होने वाली लोहे की कुल्हाड़ी दो छुरियां लकड़ी का गुटका मांस पैक करने की प्लास्टिक पन्नियां और दो कट्टे बरामद किए हैं।
- आपराधिक रिकॉर्ड: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साल 2025 में थाना बुग्गावाला और साल 2026 में कोतवाली भगवानपुर में विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और पुलिस पर जानलेवा हमले की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
साहसी पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के साथ एसआई सुनील पंत, आशीष नेगी, अपर एसआई प्रदीप चौहान, हेड कांस्टेबल ललित यादव, विनोद, सुधीर और कांस्टेबल उबैद उल्ला, अमित व अजय जोशी शामिल रहे।




