पुलों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर मेला प्रशासन का विशेष जोर वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
पुलों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर मेला प्रशासन का विशेष जोर वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। गंगा घाटों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति देने के बाद अब मेला प्रशासन का पूरा ध्यान निर्माणाधीन पुलों और अन्य विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने पर केंद्रित है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देशों के अनुसार निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार मौके पर पहुंचकर प्रगति और गुणवत्ता का जायजा ले रहे हैं।
इसी कड़ी में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर बन रहे डबल लेन स्टील गर्डर पुल और दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए काम की रफ्तार बढ़ाने और गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण में तेजी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग का भी जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को निर्देश दिए गए कि जिन हिस्सों में सीसीटीवी केबल और सीवरेज लाइन का काम पूरा हो चुका है वहां सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण के लंबित कार्यों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
विभिन्न विभागों के शीर्ष अधिकारियों ने की समीक्षा
बुधवार को लोनिवि के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित कई कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र का दौरा किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के दृष्टिगत सभी स्थायी और अस्थायी आधारभूत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।




