कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क: आयुक्त और डीएम ने सीसीआर कंट्रोल रूम से परखी व्यवस्थाएं
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर प्रशासन सतर्क: आयुक्त और डीएम ने सीसीआर कंट्रोल रूम से परखी व्यवस्थाएं

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में मंगलवार को आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीसीटीवी से हरकी पैड़ी और घाटों की निगरानी
निरीक्षण के दौरान आयुक्त और जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों और प्रमुख स्नान स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही व भीड़ के दबाव की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से विभिन्न क्षेत्रों की भीड़, यातायात व्यवस्था सुरक्षा प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख स्थलों पर कैमरों से निरंतर निगरानी रखी जाए और कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर तुरंत जरूरी कदम उठाए जाएं।
समन्वय और भीड़ प्रबंधन सर्वोच्च प्राथमिकता
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और भीड़ प्रबंधन को सबसे ऊपर रखें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम स्नान की सुविधा देना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी पूरी तत्परता और जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाएं।
मजिस्ट्रेटों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहने के निर्देश
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ड्यूटी पर तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर भीड़ जुटने या दबाव बनने की स्थिति में तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। डीएम ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने आवागमन सुचारु रखने तथा पुलिस व अन्य विभागों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी इंतजाम सक्रिय रखने और कंट्रोल रूम को हर अहम गतिविधि की नियमित सूचना देने को कहा गया।
प्रशासन का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को निर्विघ्न और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।




