कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में 8 जोन और 30 सेक्टरों में मजिस्ट्रेट तैनात 24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में 8 जोन और 30 सेक्टरों में मजिस्ट्रेट तैनात 24 घंटे चलेगा कंट्रोल रूम

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार, 22 नवंबर: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व (24 नवंबर) को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पर्व के दौरान विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
23 नवंबर सुबह 10 बजे से तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
जारी आदेश के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह 10 बजे से 24 नवंबर को स्नान पर्व की समाप्ति तक जनपद में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहेंगे। व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरे क्षेत्र को 8 जोन और 30 सेक्टरों में बांटा गया है।
- प्रमुख जोन और जिम्मेदार अधिकारी: हरकी पैड़ी (हरि गिरि), नाई सोता घाट (मंजीत सिंह), सुभाष घाट (आकाश जोशी), बाईपास (योगेश कुमार), खड़खड़ी (गोपाल राम बिनवाल), अपर रोड (अतुल प्रताप सिंह), सिंहद्वार (खुशवंत सिंह चौहान) तथा मनसा देवी मंदिर (योगेश मेहरा) को जोन बनाया गया है।
- प्रमुख सेक्टर: हरकी पैड़ी, मालवीय दीप, कांगड़ा पुल एवं नया संजय पुल, महिला घाट, भारत स्काउट एंड गाइड, सुभाष घाट, गऊ घाट, मोती बाजार एवं बड़ा बाजार, कुशाघाट चौक, विष्णुघाट, पावन धाम, रोड़ी बेलवाला, धोबी घाट पार्किंग, पंतद्वीप, चंडी चौराहा, चंडी घाट पार्किंग, चंडी देवी मंदिर, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, रतन टॉकीज, पोस्ट ऑफिस, शिवमूर्ति, देवपुरा, ऋषिकुल, सिंहद्वार, बैरागी कैंप, रेलवे स्टेशन, मनसा देवी मंदिर, हिल बाईपास पैदल मार्ग तथा गली रामप्रसाद से पैदल सीढ़ी मार्ग को सेक्टरों में शामिल किया गया है।
24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम, हेल्पलाइन नंबर जारी
किसी भी आपात स्थिति से निपटने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के लिए रोशनाबाद स्थित कार्यालय जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में 23 नवंबर से 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समन्वय या सूचना के लिए कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 7351428593 जारी किया गया है। मजिस्ट्रेटों को भी अपने मोबाइल 24 घंटे ऑन रखने और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर भीड़ व यातायात नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागों को सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं:
- स्वास्थ्य विभाग: हरकी पैड़ी सहित प्रमुख घाटों और अस्पतालों में प्राथमिक व आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं के साथ डॉक्टरों व स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
- विद्युत व पेयजल: निर्बाध बिजली आपूर्ति और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जाए।
- सिंचाई, अग्निशमन व नगर निगम: घाटों का निरीक्षण व सुरक्षा कार्य, आगजनी से बचाव की तैयारी तथा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई व कूड़ा निस्तारण दुरुस्त रखा जाए।
- यातायात व विशेष मार्ग: पार्किंग प्रबंधन, अपर रोड व प्रमुख मार्गों पर सुगम आवागमन तथा मनसा देवी मंदिर के ट्रॉली संचालन व पैदल मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारी बिना अनुमति कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ेंगे और लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




