धार्मिक नगरी में दिखा सामाजिक सौहार्द का संगम; श्री राम नाम विश्व बैंक समिति पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष
राम नाम केवल शब्द नहीं, बल्कि शांति और मानवता का प्रतीक है: अब्दुल मतीन सिद्दीकी

भारत आवाज़ (24*7)
आपसी भेदभाव मिटाकर देश को एक सूत्र में पिरो रहा है राम नाम जाप: डॉ. सत्यनारायण सचान
(विशाल सिंह) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में शुक्रवार को आध्यात्मिक और सामाजिक सद्भाव की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने राम नाम लेखन के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर कार्यरत संस्था श्री राम नाम विश्व बैंक समिति’ के आश्रम का दौरा किया। आश्रम पहुंचने पर समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का पुष्पमालाएं पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान नेताओं ने आश्रम में चल रही आध्यात्मिक और सेवा गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया। अपने संबोधन में सपा प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने राम नाम की महिमा का बखान करते हुए इसे मुक्ति का मार्ग बताया। उन्होंने कहा कि राम नाम किसी सीमा में बंधा हुआ शब्द नहीं है बल्कि यह प्रेम शांति और मानवता का संदेश देता है। सिद्दीकी ने समिति के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राम नाम लेखन और जाप जैसी पहलें समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और लोगों को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती हैं।
वहीं सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने संस्था की भूमिका को राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि राम नाम लेखन अभियान ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान राम का जीवन त्याग और मर्यादा की सीख देता है जो किसी एक वर्ग तक सीमित न होकर संपूर्ण मानवता के लिए है। वर्तमान समय में आपसी भेदभाव को भुलाकर समाज में भाईचारा और सौहार्द बढ़ाने की सबसे अधिक आवश्यकता है जिसे यह संस्था बखूबी निभा रही है।
अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुमित तिवारी ने कहा कि संस्था का मुख्य लक्ष्य जन-जन तक धर्म संस्कार और मानवता के संदेश को पहुंचाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान करती है और सामाजिक एकता को ही अपना सर्वोपरि धर्म मानती है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित गणमान्य लोगों ने आध्यात्मिक चर्चा के साथ-साथ समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस मौके पर चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, दक्ष पंवार, कुलदीप राय, मुकेश शर्मा, कुलदीप अरोड़ा, राजकुमार, शरद चंद्राकर, मिलन पंड्या, डॉ. राजेंद्र पाराशर, लव दत्ता, श्रवण शंखधर, रवि कुमार, साहिल शर्मा, सुमित शर्मा, संजय सहगल, देवेश कुमार, संदीप गुप्ता, राजन देव, पंकज शर्मा, अमित शर्मा और उत्तम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व कार्यकर्ता मौजूद रहे।




