हरिद्वार में जुटेंगे देश-दुनिया के दिग्गज: माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में शामिल होंगे मोहन भागवत और राजनाथ सिंह
हरिद्वार में जुटेंगे देश-दुनिया के दिग्गज: माता भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह में शामिल होंगे मोहन भागवत और राजनाथ सिंह
भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 20 नवम्बर। धर्मनगरी हरिद्वार एक ऐतिहासिक और भव्य आध्यात्मिक समागम का साक्षी बनने जा रही है। माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी के उपलक्ष्य में देव संस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) में 21 और 22 नवम्बर को दो दिवसीय भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद बांसुरी स्वराज सहित देश के कई प्रमुख राजनेता और गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे।
40 देशों के 24 हजार से अधिक परिजन होंगे शामिल
समारोह के दलनायक एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय महायोजन धर्मतंत्र के जागरण को समर्पित रहेगा। इस आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें भारत सहित दुनिया के 40 देशों से करीब 24 हजार से अधिक परिजनों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही, देश भर में फैले गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के सक्रिय कार्यकर्ता भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
युवा जागरण और नशामुक्त भारत पर रहेगा विशेष फोकस
डॉ. पण्ड्या ने समारोह के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका मुख्य लक्ष्य सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज का निर्माण और युवा शक्ति के जागरण को नई गति देना है। आयोजन के माध्यम से विशेष रूप से हरिद्वार के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से जोड़ने की एक बड़ी पहल की जाएगी।
संत समागम और विशेष डाक टिकट का विमोचन
दो दिवसीय समारोह के दौरान ध्वजारोहण, भव्य शोभायात्रा, संत समागम और विभिन्न समसामयिक व सामाजिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। संत समागम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी राजराजेश्वराश्रम और स्वामी चिदानंद मुनि सहित देश के अनेक शीर्ष संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके अतिरिक्त, समारोह के दौरान माता भगवती देवी शर्मा के सम्मान में भारत सरकार की ओर से एक विशेष डाक टिकट के विमोचन का भी प्रस्ताव है।




