एक्सक्लूसिव खबरेंस्पोर्ट्सहरिद्वार भारत

हरिद्वार में ज्ञान भारत मिशन की शुरुआत: प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटाइजेशन के लिए अधिकारियों को निर्देश

हरिद्वार में ज्ञान भारत मिशन की शुरुआत: प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और डिजिटाइजेशन के लिए अधिकारियों को निर्देश

भारत आवाज़ (24*7)

(सुबोध शर्मा) ​हरिद्वार, 18 नवंबर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ‘ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण और डिजिटाइजेशन करना है।

​भावी पीढ़ियों के लिए धरोहर को सुरक्षित रखना लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है। इसका उद्देश्य देश की प्राचीन और समृद्ध ज्ञान परंपरा को संजोकर रखना उसका दस्तावेजीकरण व डिजिटाइजेशन करना तथा इस अमूल्य ज्ञान को भावी पीढ़ियों के लिए सुलभ बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे सार्वजनिक-निजी पुस्तकालयों, शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और गुरुद्वारों में मौजूद प्राचीन पांडुलिपियों की समयबद्ध पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें।

​यहाँ दर्ज करा सकते हैं जानकारी

प्रशासन ने आमजन और संस्थाओं से अपील की है कि यदि किसी के पास भी प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है, तो वे इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में दे सकते हैं। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी सूचना साझा की जा सकती है, ताकि वैज्ञानिक तरीके से उनका संरक्षण किया जा सके।

​इन प्रमुख संस्थानों की रहेगी सहभागिता

बैठक में जानकारी दी गई कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है जिसके माध्यम से पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन का कार्य होगा। साथ ही देव संस्कृति विश्वविद्यालय उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय,  भगवानदास संस्कृत महाविद्यालय, शिक्षा विभाग और नगर निगम को इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम (GYAN BHARATAM) ऐप एवं पोर्टल पर अपलोड कर संरक्षित किया जाएगा।

​बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, डॉ. हरीश चंद्र गुरानी, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. स्वाति आर्य, दिनेश कुमार, दाऊ देवगण, उप नगर आयुक्त श्याम सुंदर प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button