एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनहरिद्वार भारत

चुनावी मोड में उत्तराखंड पुलिस: गढ़वाल रेंज के 11 इंस्पेक्टर इधर से उधर, नरेश राठौर को फिर मिली हरिद्वार की कमान

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने जारी की तबादला सूची; कुंदन सिंह राणा अब देहरादून संभालेंगे, सभी कप्तानों को तत्काल रिलीव करने के फरमान

भारत आवाज़ (24*7)

​(विशाल सिंह) देहरादून। आगामी 2027 विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही उत्तराखंड पुलिस महकमे में प्रशासनिक सर्जरी शुरू हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के सख्त दिशानिर्देशों का पालन करते हुए गढ़वाल रेंज के 11 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) के कार्यक्षेत्र में बड़ा बदलाव किया गया है। आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप की तरफ से तबादला सूची जारी होते ही महकमे में हलचल तेज हो गई है।

​इस फेरबदल में मैदानी और पहाड़ी दोनों जिलों के समीकरण साधे गए हैं। पुलिस गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इंस्पेक्टर नरेश राठौर की एक बार फिर हरिद्वार जिले में वापसी और कुंदन सिंह राणा को हरिद्वार से हटाकर राजधानी देहरादून भेजे जाने को लेकर है। इनके अलावा अन्य कई अनुभवी निरीक्षकों को भी नए जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

​क्यों हुए ये तबादले?

चुनाव आयोग के मानकों के मुताबिक जो भी पुलिस अधिकारी पिछले विधानसभा चुनाव के समय जिस जिले में तैनात थे और वर्तमान में भी वहीं जमे हुए हैं उन्हें हटाया जाना अनिवार्य है। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।

​किसे कहां मिली नई तैनाती (पूरी लिस्ट):

  • ​प्रदीप सिंह तोमर: उत्तरकाशी से हरिद्वार
  • ​दिनेश कुमार: उत्तरकाशी से हरिद्वार
  • ​अजय सिंह: उत्तरकाशी से देहरादून
  • ​विजय सिंह: पौड़ी से टिहरी
  • ​राकेश कुमार: रुद्रप्रयाग से देहरादून
  • ​नरेश राठौर: देहरादून से हरिद्वार
  • ​नरेंद्र गहलावत: देहरादून से टिहरी
  • ​रविंद्र शाह: देहरादून से टिहरी
  • ​कुंदन सिंह राणा: हरिद्वार से देहरादून
  • ​जहांगीर अली: हरिद्वार से उत्तरकाशी
  • ​चित्रगुप्त: चमोली से पौड़ी

​तत्काल रिलीव करने के आदेश

आईजी कार्यालय से जारी आदेश में सभी संबंधित जिलों के एसएसपी और एसपी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित किए गए सभी निरीक्षकों को बिना किसी देरी के तत्काल कार्यमुक्त (रिलीव) किया जाए और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाए। माना जा रहा है कि चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आने वाले दिनों में डिप्टी एसपी (सीओ) और सब-इंस्पेक्टर स्तर पर भी ऐसी ही बड़ी तबादला सूची देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button