फायरिंग की खुमारी पड़ी भारी: दिवाली पर रिवॉल्वर से गोलियां चलाकर सोशल मीडिया पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
फायरिंग की खुमारी पड़ी भारी: दिवाली पर रिवॉल्वर से गोलियां चलाकर सोशल मीडिया पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार (उत्तराखंड): दिवाली के जश्न में लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करना एक युवक के लिए भारी मुसीबत बन गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी रिवॉल्वर को भी जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
मंगलौर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गत 8 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एक युवक सरेआम अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता नजर आ रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने तत्काल जांच के निर्देश दिए।
पुलिस जांच और सत्यापन के दौरान आरोपी की पहचान वैभव सैनी (निवासी निजामपुर) के रूप में हुई। पड़ताल के दौरान जब पुलिस ने आरोपी के पिता यशपाल सिंह से पूछताछ की तो उन्होंने भी वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान अपने बेटे वैभव के रूप में की।
कानूनी कार्रवाई और हथियार जब्त
पहचान पुख्ता होने के बाद मंगलौर थाना पुलिस ने वैभव सैनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया और फायरिंग में इस्तेमाल रिवॉल्वर को पुलिस संरक्षण में ले लिया है। पुलिस आगे की कानूनी और वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस की चेतावनी: नियम सबके लिए बराबर
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि दिवाली शादी-ब्याह या किसी भी सार्वजनिक व निजी आयोजन में हथियारों का प्रदर्शन और हर्ष फायरिंग करना सख्त गैर-कानूनी है।
लाइसेंसी हथियार सुरक्षा के लिए दिया जाता है प्रदर्शन या उकसावे के लिए नहीं। सोशल मीडिया पर हथियारों का भौकाल दिखाने और लोगों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। — हरिद्वार पुलिस




