हरिद्वार में हर्षोल्लास से मनाई गई उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
हरिद्वार में हर्षोल्लास से मनाई गई उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार, 09 नवंबर उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में पारंपरिक उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन से आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण किया गया जहाँ उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आमजन ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को सुना और प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़े।
समारोह के दौरान राज्य निर्माण आंदोलन में अहम योगदान देने वाले राज्य आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके संघर्ष और त्याग को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनके बलिदान के कारण ही आज उत्तराखण्ड एक प्रगतिशील राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति परंपराओं और लोकनृत्यों पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों—जैसे बागवानी कृषि मत्स्य पशुपालन और डेयरी—में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों लाभार्थियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा हरिद्वार को स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका सशक्त नेतृत्व विकास की ऊंची उड़ान का विमोचन किया। इस मौके पर मेयर किरण जैसल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, गढ़वाल आयुक्त आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित कई गणमान्य लोग, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




