पेंशन बढ़ोतरी और रेल किराए में छूट की मांग को लेकर मुखर हुए वरिष्ठ नागरिक
उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीनचंद्र वर्मा को सौंपा मांग पत्र, समस्याओं के त्वरित निस्तारण की उठाई मांग

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा)हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीनचंद्र वर्मा को एक ज्ञापन सौंपकर बुजुर्गों से जुड़ी विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की है। राज्य अतिथि गृह (डामकोठी) में परिषद द्वारा आयोजित वरिष्ठ नागरिक संस्थाओं की गोष्ठी के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें जनपद की सभी तहसीलों में वृद्धाश्रम की स्थापना करने, प्रत्येक थाना स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों का डेटाबेस तैयार कर नियमित बैठकें आयोजित करने और बुजुर्गों के शोषण व उत्पीड़न के मामलों में निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, आर्थिक राहत के तौर पर वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 5,000 रुपये और ईपीएफ पेंशन को 7,500 रुपये प्रतिमाह करने, बंद की गई रेल किराया छूट योजना को पुनः बहाल करने, बैंक जमा पूंजी पर ब्याज दरें बढ़ाने तथा फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया गया है।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें बुजुर्गों के कल्याण के लिए बड़ी-बड़ी योजनाएं तो घोषित करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका क्रियान्वयन शून्य है। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि न्यायालयों और वरिष्ठ नागरिक आयोग के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने मांग की कि बुजुर्गों की इन जायज मांगों पर संज्ञान लेते हुए तत्काल प्रभाव से उचित कदम उठाए जाएं।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में चौधरी चरण सिंह के साथ केसी शर्मा, एसके गर्ग, जीके बड़ोला, सुभाष हंस, विद्यासागर गुप्ता, शिवचरण, एससी ग्रोवर, श्याम सिंह, गुलाब राय, रामसागर सिंह, शिव बचन, महेशचंद काला, धर्मेंद्र, कर्णपाल, अनिल गुप्ता, सीपी शर्मा, ललित पांडे, ओमप्रकाश, मधुबाला गर्ग और शीशपाल सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।




