कुम्भ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार मेलाधिकारी सोनिका ने परखे विकास कार्य
कुम्भ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार मेलाधिकारी सोनिका ने परखे विकास कार्य

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार: कुम्भ मेला-2027 के भव्य और दिव्य आयोजन को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं के विकास ने तेजी पकड़ ली है। मेला क्षेत्र में सड़कों, फुटपाथों, घाटों, पुलों और चौराहों के सौंदर्यीकरण सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित व वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ विभिन्न स्थलों का औचक व स्थलीय निरीक्षण किया।
अतिक्रमण हटाने और पोल शिफ्टिंग के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी गतिमान कार्यों को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों और फुटपाथों पर यातायात में बाधा बन रहे बिजली व अन्य पोलों को तत्काल शिफ्ट किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। आइरिस पुल से शंकराचार्य चौक को जोड़ने वाली सड़क के सुधार कार्य को जल्द पूरा करने और इस पूरे क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी करने को कहा।
पार्क, घाट और चेंजिंग रूम होंगे विकसित
मेलाधिकारी ने आइरिस पुल के पास एडमिन रोड, बैरागी कैंप एनएच सर्विस लेन और शंकराचार्य चौक जंक्शन पर यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आइरिस पुल और महिला मिलन मंदिर के बीच खाली पड़ी भूमि का जायजा लेते हुए वहां एक व्यवस्थित पार्क विकसित करने और स्नान के लिए घाट को सुसज्जित करने को कहा। इसके साथ ही प्रवेश द्वार के पास बने पुराने कमरों का जीर्णोद्धार कर उन्हें आधुनिक प्रसाधन (शौचालय) और चेंजिंग रूम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
पंतद्वीप से लालजीवाला तक बनेगा फुटओवर ब्रिज
- शंकराचार्य चौक व कनखल मार्ग: शंकराचार्य चौक पर चल रही लैंडस्केपिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों की गुणवत्ता परखने के बाद मेलाधिकारी ने कनखल मार्ग पर फुटपाथ निर्माण और डाम कोठी रोड के चौड़ीकरण का जायजा लिया।
- पंतद्वीप क्षेत्र: यहां यूआईआईडीबी (UIIDB) की परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जन-सुविधाओं और शौचालयों की समुचित व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने एनएच (NH) के अधिकारियों से पंतद्वीप से लालजीवाला क्षेत्र तक पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के ऊपर फुटओवर ब्रिज (पैदल पुल) निर्माण की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
- बैरागीवाला और दक्षद्वीप: इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ पुलों और घाटों के मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, पीआईयू के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट और एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




