एक्सक्लूसिव खबरेंराजनीतिहरिद्वार भारत

हरिद्वार में तेज हुईं विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां जोनल व सेक्टर ऑफिसर्स को दिया गया प्रशिक्षण

हरिद्वार में तेज हुईं विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां जोनल व सेक्टर ऑफिसर्स को दिया गया प्रशिक्षण

भारत आवाज़ (24*7)

​(सुबोध शर्मा) हरिद्वार: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को शांतिपूर्ण निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों और जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में गुरुवार को भेल कन्वेंशन हॉल में जोनल और सेक्टर ऑफिसर्स के लिए एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।

​इस दौरान अधिकारियों को चुनाव से जुड़े उनके दायित्वों मतदान केंद्रों की मैपिंग और बूथों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं (AMF) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

​समयबद्धता और मानकों के अनुरूप हो कार्य: सीडीओ

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया की सफलता जोनल और सेक्टर ऑफिसर्स की सक्रिय भूमिका पर निर्भर करती है। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों की मैपिंग सहित सभी कार्यों को तय मानकों और समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य के दौरान किसी भी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या आने पर अधिकारी मुख्य संदर्भदाता और सहायक नोडल प्रशिक्षण से तत्काल मार्गदर्शन ले सकते हैं।

​क्रिटिकल और वल्नरेबल मैपिंग पर विशेष जोर

प्रशिक्षण नोडल एवं कृषि व भूमि संरक्षण अधिकारी अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि चुनाव के लिहाज से क्रिटिकल और वल्नरेबल बूथों की मैपिंग बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके लिए अधिकारियों को मैपिंग के बारीक बिंदुओं से अवगत कराया गया है। इसके साथ ही सभी अधिकारी अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों के मतदान स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां बिजली, पानी, रैंप और शौचालय जैसी न्यूनतम बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेंगे। वहीं अपर जिलाधिकारी (ADM) नीतू डागर ने अधिकारियों को अपने चुनावी दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने की नसीहत दी।

​नए नामित अधिकारियों को भी किया गया प्रशिक्षित

सहायक नोडल प्रशिक्षण डॉ. संतोष कुमार चमोला ने जानकारी दी कि इससे पहले 16 नवंबर को प्रशिक्षण का पहला सत्र आयोजित किया जा चुका है। गुरुवार को आयोजित इस सत्र में शेष रह गए और नए नामित किए गए जोनल व सेक्टर ऑफिसर्स को प्रशिक्षित किया गया ताकि चुनावी ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर चूक की गुंजाइश न रहे।

​कार्यशाला में संतोष रावत, विजय सिंह नेगी समेत जिला निर्वाचन कार्यालय के तमाम कार्मिक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button