हरिद्वार में (दिशा) की बैठक: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को दी डेडलाइन—दिसंबर अंत तक चकाचक हों कुंभ मार्ग लापरवाही बर्दाश्त नहीं
हरिद्वार में (दिशा) की बैठक: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को दी डेडलाइन—दिसंबर अंत तक चकाचक हों कुंभ मार्ग लापरवाही बर्दाश्त नहीं

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की धरातलीय हकीकत परखने के लिए गुरुवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को दो-टूक संदेश दिया कि योजनाएं केवल फाइलों और आंकड़ों तक सीमित न रहें, बल्कि इनका सीधा लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
दिसंबर तक सड़कें दुरुस्त करने का अल्टीमेटम
जनवरी से शुरू होने वाले कुंभ मेले को लेकर सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत बेहद गंभीर नजर आए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हर हाल में दिसंबर के अंत तक सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों के सुगम आवागमन के लिए सड़क मार्गों का व्यवस्थित होना पहली प्राथमिकता है।
डीएम मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग की थपथपाई पीठ
समीक्षा के दौरान सांसद रावत ने जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और परिवहन विभाग के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डीएम के निर्देशन में पिछले तीन महीनों से चल रहे सघन चेकिंग अभियान और यातायात नियम तोड़ने वालों पर हुई सख्त कार्रवाई से सड़क हादसों में प्रभावी कमी आई है।
योजनाओं की बारीकी से समीक्षा, वंचितों को जोड़ने के निर्देश
- पारदर्शिता और जवाबदेही: सांसद ने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। पात्र लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता से हो और जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
- पेंशन और सुकन्या समृद्धि योजना: वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर तत्काल लाभ देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुकन्या समृद्धि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बालिकाओं को इससे जोड़ने को कहा गया।
- बुनियादी सुविधाएं: बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और स्वच्छ भारत मिशन के साथ-साथ ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई व्यवस्था में सुधार पर भी विस्तृत मंथन हुआ।
प्रशासन का आश्वासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश करते हुए सांसद को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा और नियमित समीक्षा के जरिए कार्यों की निगरानी की जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, विधायक अनुपमा रावत, विधायक वीरेंद्र कुमार जाति, नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, डीडीओ के.के. पंत सहित दिशा समिति के सदस्य और जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।




