एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

तीन महीने से लापता छत्तीसगढ़ का 8वीं का छात्र हरिद्वार में मिला, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने परिवार से कराया मिलन

तीन महीने से लापता छत्तीसगढ़ का 8वीं का छात्र हरिद्वार में मिला, 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पुलिस ने परिवार से कराया मिलन

भारत आवाज़ (24*7)

​( ब्यूरो रिपोर्ट) हरिद्वार। उत्तराखंड की हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने ऑपरेशन प्रहार के तहत एक सराहनीय कार्य करते हुए छत्तीसगढ़ से तीन महीने से लापता 14 वर्षीय छात्र ऋतिक को सकुशल रेस्क्यू कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने इकलौते बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने हरिद्वार पुलिस का तहे दिल से धन्यवाद व्यक्त किया।

​30 जून को स्कूल के लिए निकला था ऋतिक

जानकारी के मुताबिक  दुर्ग (छत्तीसगढ़) के भिलाई निवासी उदय पाल यादव का 14 वर्षीय पुत्र ऋतिक कक्षा 8 का छात्र है। वह बीते 30 जून 2026 को घर से स्कूल जाने के लिए निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद पिता ने स्थानीय जामुल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजन पिछले तीन महीनों से उसकी तलाश में भटक रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।

​हर की पौड़ी क्षेत्र से दयनीय हालत में मिला

इसी बीच हरिद्वार AHTU की टीम ने गश्त के दौरान हर की पौड़ी क्षेत्र से ऋतिक को अत्यंत दयनीय अवस्था में देखा और उसे रेस्क्यू किया। पूछताछ में बालक ने बताया कि वह करीब चार दिन पहले ट्रेन से छत्तीसगढ़ से निकलकर लखनऊ, दिल्ली ,हरियाणा और पंजाब होते हुए हरिद्वार पहुंचा था।

​काउंसलिंग के बाद पिता को सौंपा गया

बालक की पहचान होते ही पुलिस ने छत्तीसगढ़ में उसके परिजनों से संपर्क साधा। बेटे के हरिद्वार में सुरक्षित होने की खबर मिलते ही पिता उदय पाल यादव तुरंत हरिद्वार पहुंचे। बाल कल्याण समिति (CWC) हरिद्वार के अध्यक्ष के आदेशानुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और काउंसलिंग पूरी करने के बाद ऋतिक को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।  बालक को सकुशल रेस्क्यू करने वाली टीम में एसआई राखी रावत, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल बिना गोदियाल, कांस्टेबल मुकेश कुमार, दीपक चंद और दीपक डबराल शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button