एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनहरिद्वार भारत
कुंभ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार: मेलाधिकारी सोनिका ने किए प्रमुख स्थलों के निरीक्षण, समय से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश
कुंभ-2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार: मेलाधिकारी सोनिका ने किए प्रमुख स्थलों के निरीक्षण, समय से कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार: महाकुंभ-2027 को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। स्थायी निर्माण कार्यों के साथ-साथ अब अस्थायी व्यवस्थाओं—जैसे शिविरों पार्किंग और संपर्क मार्गों—ने भी तीव्र गति पकड़ ली है। इसी सिलसिले में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, हरिद्वार बाईपास और एनएच-74 के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
प्रमुख निर्देश :
- हरिद्वार बाईपास जल्द होगा चालू: मेलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कुंभ से पहले हरिद्वार बाईपास परियोजना के फ्लाईओवर और अंतिम छोर के सभी कार्य पूरे कर इसे यातायात के लिए सुचारू किया जाए।
- अस्थायी बस अड्डा और पार्किंग: दक्षद्वीप क्षेत्र में प्रस्तावित अस्थायी बस अड्डे के निर्माण को शीघ्र अंतिम रूप देने और हद्दीपुर पार्किंग स्थल के मार्ग व पुलों से जुड़े कार्य प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
- शिविर स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं: बैरागी कैंप और दक्षद्वीप में शिविरों के लिए भूमि के समतलीकरण (ड्रेसिंग-लेवलिंग), बिजली, पेयजल और सड़क निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने पर जोर दिया गया है ताकि कल्पवासियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
- एनएच-74 के लंबित कार्य: चिड़ियापुर के निकट फ्लाईओवर के अवरुद्ध कार्यों और मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए नजीबाबाद के परियोजना निदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह समेत विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




