गंगा स्वच्छता की तकनीक से रूबरू हुए डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी के छात्र हरिद्वार के पिंक एसटीपी का किया भ्रमण
गंगा स्वच्छता की तकनीक से रूबरू हुए डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी के छात्र हरिद्वार के पिंक एसटीपी का किया भ्रमण

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 20 नवंबर किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर जल संरक्षण और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यावहारिक बारीकियों को समझने के लिए डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, देहरादून के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को जगजीतपुर स्थित 68 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का शैक्षिक भ्रमण किया। नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत निर्मित इस अत्याधुनिक संयंत्र में छात्रों ने जाना कि कैसे वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से शहरों के गंदे पानी को शोधित कर गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त रखा जा रहा है।
महिला सशक्तीकरण की मिसाल है जगजीतपुर पिंक एसटीपी
भ्रमण के दौरान छात्रों को इस प्लांट की सबसे अनूठी विशेषता से भी अवगत कराया गया। जगजीतपुर स्थित यह 68 एमएलडी एसटीपी एक पिंक एसटीपी है जिसकी कमान पूरी तरह महिलाओं के हाथों में है। परियोजना प्रबंधक इंजीनियर मीनाक्षी मित्तल के नेतृत्व में यहाँ दिन की पाली में कार्यरत समस्त स्टाफ महिलाएँ हैं। छात्रों ने इस पहल को महिला सशक्तीकरण नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता का एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
दूषित जल के शोधन की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझा
प्लांट के तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि किस तरह आवासीय क्षेत्रों से निकलने वाले सीवेज को विभिन्न चरणों से गुजारकर उसमें मौजूद ठोस अपशिष्ट और हानिकारक प्रदूषकों को अलग किया जाता है। छात्रों को संयंत्र की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण कराते हुए समझाया गया कि मानकों के अनुरूप जल उपचारण के बाद ही पानी को छोड़ा जाता है जिससे जलीय पारिस्थितिकी और पर्यावरणीय संतुलन बना रहता है।
व्यावहारिक ज्ञान और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का विकास
जिला परियोजना अधिकारी सत्यदेव आर्य ने बताया कि इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जल प्रबंधन की वास्तविक चुनौतियों और आधुनिक समाधानों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के दौर में ऐसे संयंत्रों की भूमिका बेहद अहम है और इस तरह के भ्रमण छात्रों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं।
इस अवसर पर प्लांट इंचार्ज संदीप, सचिन कुमार, अंजली, डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी की ओर से शैलजा भंडारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।




