मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने भरा स्व-गणना फार्म
नैनीताल में अब तक 1,477 पूर्ण आवेदन

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) भीमताल, 19 नवंबर जनपद नैनीताल के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को अपने आवास से जनगणना-2027 के तहत ऑनलाइन स्व-गणना का फार्म भरा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणक के घर आने का इंतजार किए बिना निर्धारित समय के भीतर स्वयं अपना और परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करें।
सीडीओ अरविंद कुमार पाण्डेय ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक (15 दिन) स्व-गणना का कार्य संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है बल्कि यह देश के भविष्य और विकास की मजबूत आधारशिला है। नागरिकों द्वारा दी गई सटीक जानकारी से सरकार को शिक्षा स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी बेहतर योजनाएं बनाने में मदद मिलती है।
नैनीताल जनपद की स्थिति
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद नैनीताल में अब तक 3,982 व्यक्ति स्व-गणना के लिए एनरोल (पंजीकृत) हो चुके हैं, जिनमें से 1,477 व्यक्ति अपना फार्म पूर्ण रूप से भर चुके हैं।
स्व-गणना के प्रमुख लाभ और प्रक्रिया
सीडीओ ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे सुविधाजनक समय पर फार्म भरा जा सकता है। इससे समय की बचत होती है त्रुटि की संभावना कम रहती है और जानकारी गोपनीय व सुरक्षित रहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि फार्म भरने से पहले सभी 40 प्रश्नों से जुड़ी सूचनाएं एकत्र कर लें ताकि आवेदन प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके।
- पोर्टल एवं माध्यम: आधिकारिक पोर्टल [https://se.census.gov.in](https://se.census.gov.in) पर जाएं। बेहतर दृश्यता के लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप का उपयोग करने की सलाह दी गई है। (नोट: एक बार भाषा चुनने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा।)
- लॉगिन व स्थान: राज्य और भाषा चुनने के बाद जनगणना के प्रथम चरण (HLO) में दिए गए मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉगिन करें तथा मानचित्र पर लाल मार्कर को अपने घर के सटीक स्थान पर लगाएं।
- विवरण एवं सबमिशन: परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरें (प्रश्न 1–6 प्रत्येक सदस्य के लिए और प्रश्न 7–40 विस्तृत रूप से) तथा समीक्षा के बाद “परिवार प्रस्तुत करें” पर क्लिक करें।
पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों का संक्षिप्त विवरण
- प्रश्न 1–6: नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि व आयु, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु
- प्रश्न 7–13: पति/पत्नी का नाम, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति (SC/ST), माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता
- प्रश्न 14–17: मातृभाषा, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता, शिक्षा
- प्रश्न 18–25: कामकाज, व्यवसाय, उद्योग, कार्यस्थल तक की यात्रा
- प्रश्न 26–30: जन्म स्थान, पूर्व निवास, निवास अवधि, स्थायी पता
- प्रश्न 31–33: महिलाओं के लिए जीवित बच्चों की संख्या
- प्रश्न 34–40: कोविड टीकाकरण, बैंक खाता, मोबाइल, आधार, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस
आवश्यक तैयारियां और SE ID का उपयोग
आवेदन के दौरान परिवार के सदस्यों के पूरे नाम, जन्म तिथि/आयु, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा, बाहर से आए सदस्यों के पूर्व निवास का पता तथा दिव्यांगता या अन्य विशेष स्थिति की जानकारी तैयार रखें। आधार, वोटर आईडी और बैंक खाते के केवल नंबर याद होना पर्याप्त है—कोई दस्तावेज अपलोड नहीं करना है।
फार्म सफलतापूर्वक जमा होने पर स्क्रीन पर ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) दिखेगी और SMS के माध्यम से भी प्राप्त होगी। इसका स्क्रीनशॉट लें या सुरक्षित लिखकर रखें और परिवार के सदस्यों के साथ साझा करें। जनगणना के द्वितीय चरण में जब प्रगणक घर आएं, तब उन्हें यह SE ID दिखा दें। मिलान के बाद डेटा स्वीकार कर लिया जाएगा और दोनों के हस्ताक्षर होंगे।
सहायता के लिए संपर्क माध्यम
- हेल्पलाइन: 1855
- व्हाट्सएप: 1800-180-1855
- वर्चुअल सहायक: पोर्टल पर ‘प्रगति’ वर्चुअल सहायक भी उपलब्ध है।
मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल (स्व-गणना), जनपद नैनीताल ने जनपदवासियों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।




