हरिद्वार कुंभ-2027: धनुष पुल से बैरागी कैंप तक बढ़ेगा आस्थापथ का दायरा मेलाधिकारी ने पैदल घूमकर परखी कार्यों की रफ्तार
हरिद्वार कुंभ-2027: धनुष पुल से बैरागी कैंप तक बढ़ेगा आस्थापथ का दायरा मेलाधिकारी ने पैदल घूमकर परखी कार्यों की रफ्तार

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार: आगामी कुंभ मेला-2027 को दिव्य और भव्य बनाने के लिए धर्मनगरी में अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार का काम युद्धस्तर पर जारी है। इसी कड़ी में श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही और बेहतर भीड़ प्रबंधन के लिए आस्थापथ को धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित किया जा रहा है। बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी और अधिकारियों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
हरकी पैड़ी के लिए मिलेगा नया वैकल्पिक मार्ग
आस्थापथ के इस विस्तार से कुंभ के दौरान हरकी पैड़ी आने-जाने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को एक बेहतरीन वैकल्पिक मार्ग मिल सकेगा। इससे मुख्य मार्गों पर भीड़ का दबाव कम होगा और किसी भी आपातकालीन स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षित निकासी में बड़ी मदद मिलेगी।
प्रोजेक्ट के मुख्य आकर्षण और निर्माण की स्थिति:
- अंतिम चरण में मुख्य मार्ग: धनुष पुल से आस्था पुल को जोड़ते हुए दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग निर्माण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
- 270 मीटर लंबा एलीवेटेड रोड: पार्किंग से सटे तटवर्ती क्षेत्र में लगभग 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का निर्माण तेजी से चल रहा है। मेलाधिकारी ने इस कार्य में विशेष तेजी लाने के लिए दिन-रात काम करने के निर्देश दिए हैं।
- नवनिर्मित घाट और सुरक्षा: धनुष पुल से सीसीआर (CCR) के बीच बने नए घाट के शेष कार्यों को तत्काल पूरा करने के साथ ही वहां प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) जनसुविधाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।
- अतिक्रमण पर सख्ती: रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और एडमिन रोड का जायजा लेते हुए मेलाधिकारी ने पूरे क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी करने की हिदायत दी।
दो एजेंसियां मिलकर कर रही हैं काम
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दो हिस्सों में बांटकर पूरा किया जा रहा है। धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी (UIIDB) की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी (UPDCC) द्वारा कराया जा रहा है। वहीं इससे आगे आस्थापथ को बैरागी कैंप से जोड़ने की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग निभा रहा है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक सुमित मलवाल और उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अभियंता भारत भूषण सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




