हरिद्वार अर्धकुंभ का शंखनाद: कल नगर प्रवेश करेगी जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात मकर संक्रांति पर निकलेगी भव्य पेशवाई
हरिद्वार अर्धकुंभ का शंखनाद: कल नगर प्रवेश करेगी जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात मकर संक्रांति पर निकलेगी भव्य पेशवाई

भारत आवाज़ (24*7)
(आशु कुमार) हरिद्वार, 20 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी अर्धकुंभ मेले की औपचारिक और धार्मिक गतिविधियों का आगाज होने जा रहा है। श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात शनिवार, 21 नवंबर को गोधूलि बेला में हरिद्वार में नगर प्रवेश करेगी। जमात के आगमन के साथ ही कुंभ नगरी में अखाड़ों की चहल-पहल शुरू हो जाएगी। इस अवसर पर अखाड़े के नागा संन्यासियों, श्रद्धालुओं और मेला प्रशासन द्वारा जमात का भव्य स्वागत किया जाएगा।
तीर्थों की पूजा के बाद पांडे वाला में लगेगा शिविर
जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में जमात हरिद्वार पहुंचेगी। कुंभ मेले के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ जमात सर्वप्रथम उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थों—चारों धाम, मां नंदा देवी, ओम पर्वत, आदि कैलाश और मां पूर्णागिरि की पूजा-अर्चना करेगी। इसके पश्चात हरकी पैड़ी पर मां गंगा, दक्षेश्वर महादेव, नगर की अधिष्ठात्री देवी माया देवी, बिल्वकेश्वर, गौरी शंकर और नीलेश्वर महादेव का पूजन किया जाएगा। अंत में ज्वालापुर स्थित पांडे वाला में माता ज्वाला देवी के दर्शन कर जमात अपना शिविर स्थापित करेगी।
जानिए क्या है पांडवों से जुड़ी ऐतिहासिक परंपरा
श्रीमहंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि जमात का ज्वालापुर के पांडे वाला में रुकना एक प्राचीन सनातन परंपरा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार प्राचीन काल में मायापुरी (हरिद्वार) में रात्रि विश्राम निषेध माना जाता था इसलिए यात्री और संन्यासी माता ज्वाला देवी के नाम पर बसे ज्वालापुर में ही विश्राम करते थे। उन्होंने बताया कि पांडे वाला का प्राचीन नाम पांडव वाला था। महाभारत काल में पांडवों ने अपनी अंतिम हिमालय यात्रा के दौरान यहीं विश्राम किया था और मां ज्वाला देवी की पूजा करने के बाद हिमालय की ओर प्रस्थान किया था। जूना अखाड़ा आज भी इस परंपरा का निर्वाह कर रहा है।
जूना अखाड़े के प्रमुख कार्यक्रमों की तिथियां:
अखाड़े द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार कुंभ की तैयारियां चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगी:
- 21 नवंबर: रमता पंचों की जमात का नगर प्रवेश।
- 1 दिसंबर: भैरव अष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन।
- 23 दिसंबर: भगवान दत्तात्रेय जयंती पर शुभ मुहूर्त में धर्म ध्वजा की स्थापना (इसके साथ ही धार्मिक दृष्टि से कुंभ का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा)।
- 14 जनवरी: उत्तरायण मकर संक्रांति के पावन पर्व पर अखाड़े की भव्य पेशवाई।
14 जनवरी से 20 अप्रैल तक चलेगा अर्धकुंभ होंगे तीन अमृत स्नान
मेला प्रशासन के अनुसार, हरिद्वार अर्धकुंभ मेला 14 जनवरी से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगा जिसमें कुल 10 प्रमुख स्नान पर्व होंगे। इसमें तीन मुख्य अमृत स्नान (जिसे पहले शाही स्नान कहा जाता था) शामिल हैं:
- 6 मार्च: महाशिवरात्रि
- 8 मार्च: फाल्गुन अमावस्या
- 14 अप्रैल: मेष संक्रांति (बैशाख स्नान)
क्या होते हैं ‘रमता पंच’?
रमता पंच अखाड़े की चलायमान (भ्रमणशील) पंचायत होती है। कुंभ मेले से पूर्व रमता पंच नगर में आकर छावनी निर्माण धर्म ध्वजा स्थापना और पेशवाई की तैयारियों का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इनके आगमन और व्यवस्थाएं संभालने के बाद ही पूरा अखाड़ा विधिवत रूप से कुंभ नगरी में स्थापित होता है।




