भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में उठे यूजीसी कानून का मुद्दा, श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने दी विरोध की चेतावनी
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में उठे यूजीसी कानून का मुद्दा, श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने दी विरोध की चेतावनी

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार, 20 नवम्बर। श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने आगामी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े कानून पर गंभीर चर्चा करने की मांग उठाई है। शुक्रवार को परशुराम घाट पर आयोजित अखाड़े की एक बैठक में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर गहन मंथन किया और सवर्ण समाज की चिंताओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि यूजीसी कानून के नए प्रावधानों को लेकर सवर्ण समाज में गहरी चिंता का माहौल व्याप्त है। उन्होंने आशंका जताई कि इस कानून के प्रावधानों से सवर्ण समाज के बच्चों के शैक्षणिक और व्यावसायिक भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। पंडित कौशिक के अनुसार शिक्षा से जुड़े किसी भी कानून का सीधा प्रभाव युवाओं के भविष्य पर पड़ता है, इसलिए सरकार और राजनीतिक दलों को सभी वर्गों की चिंताओं को सुनने के बाद ही कोई कदम आगे बढ़ाना चाहिए।
अखाड़े के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय भाजपा नेताओं से मांग की है कि वे इस संवेदनशील मुद्दे को पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रमुखता से रखें। साथ ही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने आ रहे वरिष्ठ और केंद्रीय नेताओं से अखाड़े के एक प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात सुनिश्चित कराई जाए ताकि समाज अपना पक्ष और चिंताएं सीधे तौर पर उनके सामने रख सके।
पंडित अधीर कौशिक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थानीय स्तर से यह बात केंद्रीय नेतृत्व तक नहीं पहुंचाई गई और अखाड़े के पदाधिकारियों की मुलाकात नहीं कराई गई, तो अखाड़ा लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने को बाध्य होगा। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से इस मामले में जल्द सकारात्मक पहल करने की अपील की है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में पदम प्रकाश, कुलदीप शर्मा, स्वामी कार्तिकेय गिरी, विशाल चौहान, रोहित गिरी, मनोज ठाकुर, पवन भगवा, करण पंडित, ऋषि शर्मा और आचार्य संजय सहित बड़ी संख्या में अखाड़े के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




