गंगा के तटों पर आकार लेने लगी अस्थायी नगरी 5 हजार से अधिक टेंट लगाने का काम शुरू
गंगा के तटों पर आकार लेने लगी अस्थायी नगरी 5 हजार से अधिक टेंट लगाने का काम शुरू

भारत आवाज़ (24*7)
(आशु कुमार) हरिद्वार, 19 नवंबर: आगामी कुम्भ मेला-2027 के भव्य आयोजन को लेकर धर्मनगरी हरिद्वार में तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। गंगा के पावन तटों पर एक नई अस्थायी कुम्भ नगरी आकार लेने लगी है। पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप जैसे प्रमुख क्षेत्रों में व्यवस्थाओं में जुटने वाले कार्मिकों के आवास और कार्यालयों के लिए टेंट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
35 हजार कार्मिकों के लिए बन रहे आवासीय और कार्यालयी शिविर
कुम्भ के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और साधु-संतों की व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिक तैनात रहेंगे। इनके ठहरने और कामकाज के लिए मेला क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में चरणबद्ध तरीके से 5 हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। आने वाले दिनों में बाहरी सेक्टरों में भी टेंट स्थापना का कार्य विस्तार लेगा।
पारंपरिक छोलदारी से लेकर आधुनिक जर्मन हैंगर तक की व्यवस्था
इस अस्थायी नगरी में पारंपरिक और आधुनिकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यहां स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ-साथ बड़े आयोजनों व कार्यालयों के लिए आधुनिक जर्मन हैंगर भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके समानांतर आवंटित भूमि पर अखाड़ों आश्रमों और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के शिविर लगाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं जिससे जल्द ही गंगा तटों पर कुम्भ का आध्यात्मिक स्वरूप निखरने लगेगा।
मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण गुणवत्ता से समझौता नहीं
गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह और अन्य अधिकारियों के साथ बैरागी कैंप पंतद्वीप और दक्षद्वीप का स्थलीय निरीक्षण कर टेंट स्थापना कार्यों की प्रगति जांची। उन्होंने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि टेंटों और शिविरों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि टेंट लगने के साथ ही सभी शिविर स्थलों पर सुगम सड़क मार्ग, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कार्मिकों के ड्यूटी पर पहुंचने से पहले सभी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह तैयार रहें।




