दीपावली पर सुगम यातायात और शांति व्यवस्था के लिए वीरभद्र हिंदू परिषद ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को किया सम्मानित
दीपावली पर सुगम यातायात और शांति व्यवस्था के लिए वीरभद्र हिंदू परिषद ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को किया सम्मानित

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार: दीपावली पर्व के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वीरभद्र हिंदू परिषद और रुद्रवीर हनुमान दल के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर से शिष्टाचार भेंट कर पुलिस प्रशासन का विशेष आभार व्यक्त किया।
शनिवार शाम करीब 6 बजे एसएसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने दीपावली के व्यस्ततम समय में भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल की कार्यप्रणाली की सराहना की।
इस मौके पर वीरभद्र हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक ठाकुर विशाल सिंह राणा ने कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन नगरी है, जहां त्योहारों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों का भारी दबाव रहता है। ऐसे समय में जब आम लोग अपने परिवारों के साथ त्योहार मना रहे होते हैं, तब पुलिस के जवान और अधिकारी अपने परिवारों से दूर रहकर पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा और सुरक्षा में जुटे रहते हैं। उनका यह समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायी है।
प्रतिनिधिमंडल ने ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू, एलआईयू, एसओजी, समस्त थाना प्रभारियों, महिला पुलिसकर्मियों, होमगार्ड, कंट्रोल रूम और संचार शाखा सहित सुरक्षा व्यवस्था में लगे प्रत्येक कर्मचारी के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही एसएसपी से अनुरोध किया कि संगठन का यह धन्यवाद संदेश ड्यूटी पर तैनात रहे प्रत्येक जवान तक पहुंचाया जाए। पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि संगठन भविष्य में भी जनहित और कानून के दायरे में रहकर प्रशासन को सकारात्मक सहयोग देता रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
मुलाकात के दौरान पायलट बाबा आश्रम से महंत स्वामी करण गिरी जी महाराज, वीरभद्र हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर विशाल सिंह राणा, रुद्रवीर हनुमान दल के हरिद्वार जिला अध्यक्ष कुंवरपाल राणा, वीरभद्र हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अरुण यादव, राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के जिला अध्यक्ष आरव राणा और जिला कोर कमेटी सदस्य आलोक कुमार मौजूद रहे।




