रानीपुर सीट पर कांग्रेस टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त दो दर्जन से अधिक नेता रेस में; हाईकमान की बढ़ीं मुश्किलें
रानीपुर सीट पर कांग्रेस टिकट के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त दो दर्जन से अधिक नेता रेस में; हाईकमान की बढ़ीं मुश्किलें

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार। उत्तराखंड की राजनीति में रानीपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस टिकट के दावेदारों की सूची लगातार लंबी होती जा रही है। वर्तमान में दो दर्जन से अधिक कांग्रेसी नेता टिकट की लाइन में खड़े हैं, जिससे स्थानीय राजनीतिक जानकार भी हैरत में हैं। सभी दावेदार अपने-अपने राजनीतिक संपर्कों और रसूख के जरिए टिकट हासिल करने के लिए जी-तोड़ भागदौड़ में जुटे हैं।
गौरतलब है कि रानीपुर विधानसभा सीट वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कब्जे में है, जहां से आदेश चौहान लगातार तीन बार विधायक चुने जा चुके हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भेल के श्रमिक नेता राजबीर सिंह चौहान पर दांव खेला था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
राष्ट्रीय चेहरों से लेकर स्थानीय दिग्गजों की दावेदारी
इस बार रानीपुर सीट से कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा भी चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। आलोक शर्मा पिछले काफी समय से हरिद्वार में सक्रिय हैं और जनसंपर्क के साथ-साथ स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं। उनके अलावा पिछले चुनाव के प्रत्याशी राजबीर सिंह चौहान, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. संजय पालीवाल महेश प्रताप राणा, संजय सैनी पूनम भगत, विमला पांडेय, तेलूराम प्रधान मनोज धनगर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली भी मजबूती से अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं।
दावेदारों में महेश प्रताप राणा शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद मामूली अंतर से हारे थे वहीं राव आफाक अली पार्टी के प्रमुख मुस्लिम चेहरे के साथ-साथ अन्य वर्गों में भी अच्छी पकड़ रखते हैं। आलोक शर्मा और डॉ. संजय पालीवाल की संगठन में मजबूत पैठ मानी जाती है।
रानीपुर में घमासान तो हरिद्वार नगर सीट पर शांति
एक तरफ जहां रानीपुर सीट पर दो दर्जन से अधिक नेताओं की दावेदारी ने कांग्रेस हाईकमान के सामने धर्मसंकट खड़ा कर दिया है, वहीं दूसरी ओर हरिद्वार नगर विधानसभा सीट का परिदृश्य बिल्कुल अलग है। भाजपा के कद्दावर नेता कैबिनेट मंत्री और पांच बार के विधायक मदन कौशिक के गढ़ मानी जाने वाली हरिद्वार नगर सीट पर कांग्रेस दावेदारों की संख्या बेहद सीमित है। यहां से फिलहाल केवल महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक शर्मा का नाम ही चर्चाओं में बना हुआ है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि रानीपुर सीट पर मचे इस घमासान के बीच कांग्रेस हाईकमान किस चेहरे पर अपना भरोसा जताता है।




