दीपावली पर सड़कों पर कब्जा पड़ सकता है भारी कनखल झंडा चौक पर चला प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान
दीपावली पर सड़कों पर कब्जा पड़ सकता है भारी कनखल झंडा चौक पर चला प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार। आगामी दीपावली के त्योहार को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सख्त मूड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। इसी कड़ी में मंगलवार को कनखल के व्यस्ततम झंडा चौक क्षेत्र में जोरदार अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने सड़कों और फुटपाथों पर जमाए गए अवैध कब्जों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों द्वारा फुटपाथ तक सामान फैलाकर किए गए कब्जों को तुरंत साफ कराया गया ताकि आमजन को आवागमन में कोई दिक्कत न हो।
सड़कों पर कब्जा बर्दाश्त नहीं: सिटी मजिस्ट्रेट
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरि ने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के सीजन में सड़कों और सार्वजनिक फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ती है ऐसे में यातायात बाधित न हो और लोगों को सहूलियत मिले इसके लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप है, वहीं स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।




