मां गंगा की निर्मलता के लिए हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान: 100 मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारित 32 संस्थाएं सम्मानित
मां गंगा की निर्मलता के लिए हरिद्वार में विशेष स्वच्छता अभियान: 100 मीट्रिक टन कूड़ा निस्तारित 32 संस्थाएं सम्मानित

भारत आवाज़ (24*7)
(विशाल सिंह) हरिद्वार 2 नवंबर मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मां गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद में चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 32 संस्थाओं को जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका के कुशल मार्गदर्शन में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) डॉ. ललित नारायण मिश्र ने इन संस्थाओं को सम्मानित कर आभार व्यक्त किया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष स्वच्छता अभियान में अब तक 13 हजार से अधिक लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई है। प्रथम चरण के दौरान 100 मीट्रिक टन कूड़ा-कचरा एकत्रित किया गया जिसे वैज्ञानिक निस्तारण हेतु नगर निगम हरिद्वार को सौंप दिया गया है।
अभियान में सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, संत समाज, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, नमामि गंगे, सीवरेज इकाई, नगर निगम, स्वजल, जिला पंचायत और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया।
सम्मानित प्रमुख संस्थाएं:
प्रथम चरण में श्री गंगा सभा, शांतिकुंज, सप्तऋषि आश्रम, रोटरी क्लब, सेवा भारती, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड्स, गायत्री परिवार, उत्तरांचल पंजाबी महासभा, राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज ज्वालापुर, नया उदासीन अखाड़ा सहित 32 संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन ने सभी संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में भी स्वच्छता के इस महाअभियान में अपनी सहभागिता बनाए रखने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, एडीएम (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, एसडीएम हरिद्वार योगेश मेहरा, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




