एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

गढ़ मीरपुर में खनन सामग्री से भरे डंपरों की तेज रफ्तार पर उठे सवाल, हर 15 मिनट में सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहन

गढ़ मीरपुर में खनन सामग्री से भरे डंपरों की तेज रफ्तार पर उठे सवाल, हर 15 मिनट में सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहन

भारत आवाज़ (24 *7)

(विशाल सिंह) गढ़ मीरपुर (हरिद्वार)। राऊ नदी क्षेत्र में खनन पट्टा शुरू होने के बाद से ही भारी वाहनों की बेधड़क आवाजाही ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मुख्य मार्गों पर हर 15 मिनट में रेत और खनन सामग्री से लदे भारी डंपर दौड़ते नज़र आ रहे हैं, जिससे संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था और गाड़ियों की फिटनेस जांच को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

​स्थानीय निवासियों का कहना है कि खनन पट्टा क्षेत्र से सुमन नगर मुख्य मार्ग की ओर लगातार भारी वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। रेत से भरे इन डंपरों के कारण सड़कों पर दिनभर धूल-मिट्टी का गुबार उड़ता रहता है। तेज रफ्तार और ओवरलोड गाड़ियों के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए हर वक्त हादसे का खतरा बना रहता है।

​विभागीय सुस्ती पर जन-असंतोष

क्षेत्रीय चर्चाओं के अनुसार, सामान्य दिनों में तो मुख्य सड़कों पर परिवहन और संबंधित विभागों का चेकिंग अभियान देखने को मिलता है, लेकिन जहां भारी डंपरों की आवाजाही सबसे ज्यादा है, वहां अधिकारियों की मुस्तैदी न के बराबर है। लोगों का मानना है कि वाहनों की फिटनेस, दस्तावेज, परमिट और लोड मानकों की जांच केवल पट्टा शुरू होने या बंद होने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाना चाहिए।

​प्रशासन से विशेष चेकिंग अभियान की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि गढ़ मीरपुर राऊ नदी क्षेत्र तथा सुमन नगर मार्ग पर तुरंत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाए। डंपरों की ओवरलोडिंग, स्पीड लिमिट और कागजातों की कड़ाई से जांच की जाए।

​अब देखना यह होगा कि जनसुविधा और सुरक्षा से जुड़े इन सवालों पर जिम्मेदार अधिकारी धरातल पर कड़ा संज्ञान लेते हैं या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही नींद से जागेंगे।

Related Articles

Back to top button