एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनहरिद्वार भारत

हरिद्वार में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा; ज्वालापुर में 5 नमूने सील 2 इकाइयों को 7 दिन का नोटिस

हरिद्वार में दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा छापा; ज्वालापुर में 5 नमूने सील 2 इकाइयों को 7 दिन का नोटिस

भारत आवाज़ (24*7)

(टीटू कुमार) हरिद्वार। आगामी दीपावली के त्योहार पर शहरवासियों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर शनिवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में ज्वालापुर क्षेत्र में कई मिष्ठान व डेयरी निर्माण इकाइयों पर औचक छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल पांच खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने जांच के लिए भेजे हैं वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर दो निर्माण इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

​वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने ज्वालापुर के झंडा चौक स्थित किसान डेयरी से शुद्ध घी और गाय के दूध के नमूने लिए। इसके पश्चात ईदगाह रोड (पांवधोई) स्थित पेठा निर्माण इकाई और डांट मोहल्ला स्थित बताशा व खिलौना निर्माण इकाई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों ही इकाइयों के संचालक मौके पर अनिवार्य दस्तावेज—जैसे पेयजल जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य पदार्थों की लैब टेस्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करने में पूरी तरह नाकाम रहे।

​विभाग ने दोनों प्रतिष्ठान संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किया है कि यदि आगामी 7 दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेख जमा नहीं कराए गए, तो उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button