देहरादून में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी तेज डीएम अपूर्वा पाण्डे ने दिए कौशल विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश
देहरादून में युवाओं को रोजगार से जोड़ने की तैयारी तेज डीएम अपूर्वा पाण्डे ने दिए कौशल विकास योजनाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश

भारत आवाज़ (24*7)
(ब्यूरो रिपोर्ट) देहरादून: जनपद में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने और कौशल विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने को लेकर प्रशासन पूरी तरह गंभीर नजर आ रहा है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की एक अहम बैठक संपन्न हुई।
इस बैठक में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS), पीएम-सेतु योजना और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में चल रहे विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
प्रशिक्षण के बाद फीडबैक और रोजगार की स्थिति पर जोर
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षण संस्थान अपने यहां से प्रशिक्षित होने वाले अभ्यर्थियों का पूरा डाटा साझा करें। इस डेटा के जरिए यह ट्रैक किया जा सके कि प्रशिक्षण कितना उपयोगी साबित हुआ है और युवाओं को रोजगार मिल पा रहा है या नहीं।
महिला किसानों के लिए एक्सपोजर विजिट
बैठक में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर भी विशेष फोकस रहा। डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि किसानों, विशेषकर महिला किसानों के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित किए जाएं। इससे उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत पद्धतियों और आजीविका बढ़ाने वाले नवाचारों की करीब से जानकारी मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सकेगी।
कॉलेजों में लगेंगे NAPS के जागरूकता शिविर
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय अप्रेन्टशिप प्रोत्साहन योजना (NAPS) का दायरा बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को इस योजना से जोड़ने के लिए डिग्री कॉलेजों में जागरूकता और पंजीकरण शिविर लगाए जाएं।
अंत में, डीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने की हिदायत दी ताकि कौशल प्रशिक्षण का सीधा लाभ युवाओं को मिल सके और सरकारी योजनाएं पूरी तरह प्रभावी साबित हों। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण चन्द्र गोस्वामी समेत कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।




