एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

आबकारी विभाग का सीक्रेट ‘स्कूटी ऑपरेशन’: हरिद्वार से रुड़की तक ठेकेदारों में हड़कंप, ओवररेटिंग पर बिंजोला की पैनी नजर!

आबकारी विभाग का सीक्रेट 'स्कूटी ऑपरेशन': हरिद्वार से रुड़की तक ठेकेदारों में हड़कंप, ओवररेटिंग पर बिंजोला की पैनी नजर!

भारत आवाज़ ( 24*7 )

( विशाल सिंह ) हरिद्वार। अगर आप सोचते हैं कि आबकारी विभाग सिर्फ दफ्तरों से फरमान जारी करता है, तो हरिद्वार, रुड़की और लक्सर के शराब ठेकेदारों का भ्रम मंगलवार को पूरी तरह टूट गया। शराब पर धड़ल्ले से हो रही ओवररेटिंग की शिकायतों का सच जानने के लिए विभाग ने ऐसा पैंतरा चला कि ठेका संचालकों की रातों की नींद उड़ गई। अफसर लाल बत्ती गाड़ियों को छोड़ स्कूटी पर सवार होकर खुद ‘ग्राहक’ बने और सीधे ठेकों की खिड़की पर जाकर शराब खरीदी।

​उत्तराखंड आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल के कड़े निर्देशों के बाद जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला खुद दलबल के साथ मैदान में उतरे। जिले में संचालित करीब 130 शराब ठेकों में से 26 से अधिक संवेदनशील और प्रमुख ठेकों पर एक साथ अचानक छापेमारी की गई।

​कहां-कहां चला चेकिंग का हंटर?

​आबकारी विभाग की विशेष टीमों ने सिर्फ शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों तक शिकंजा कसा:

  • ​रुड़की व लक्सर क्षेत्र: मलकपुर चुंगी, सिविल लाइन बस अड्डा, सिविल लाइन तिराहा, डबल फाटक, मालवीय नगर और हालू माजरा समेत कई प्रमुख इलाकों में दुकानों की गहनता से जांच की गई।
  • ​बिक्री व्यवस्था और रेट लिस्ट: टीमों ने मौके पर शराब के दाम, रेट बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर और ओवररेटिंग से जुड़े हर पहलू को बारीकी से खंगाला।

​“शिकायत सही मिली तो होगी सीधी कार्रवाई”

​मामले पर जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है:

​“बीयर और शराब पर निर्धारित मूल्य से अधिक पैसे वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए हरिद्वार, रुड़की और लक्सर के 26 से अधिक ठेकों पर औचक निरीक्षण किया गया है। यदि किसी भी ठेके पर ओवररेटिंग की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार सख्त कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।”

 

​अधिकारियों के अचानक स्कूटी पर ग्राहक बनकर पहुंचने और लगातार हो रही चेकिंग से शराब कारोबारियों व सेल्समैनों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग के इस कड़े रुख से साफ है कि अब ग्राहकों की जेब पर डाका डालने वालों की खैर नहीं!

Related Articles

Back to top button