संघर्षों को मात देकर भेल संविदा श्रमिक के बेटे प्रशांत बने डॉक्टर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज वाराणसी में पाया एमबीबीएस में प्रवेश
संघर्षों को मात देकर भेल संविदा श्रमिक के बेटे प्रशांत बने डॉक्टर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज वाराणसी में पाया एमबीबीएस में प्रवेश

भारत आवाज़ (24*7)
( विशाल सिंह) हरिद्वार : कड़ी मेहनत और पक्का इरादा हो तो आर्थिक तंगी भी सफलता के रास्ते की रुकावट नहीं बन सकती। इस बात को सच साबित कर दिखाया है हरिद्वार के भेल (BHEL) में संविदा श्रमिक के रूप में कार्यरत खूब सिंह के मेधावी पुत्र प्रशांत कुमार ने। नीट-2026 की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रशांत ने प्रथम चरण की ऑल इंडिया काउंसलिंग में प्रतिष्ठित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में दाखिला प्राप्त कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नवोदय विद्यालय से पूरी हुई स्कूली शिक्षा
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना तहसील अंतर्गत ग्राम तिगरी मनकावाला के रहने वाले और वर्तमान में हरिद्वार की वाटर वर्क्स कॉलोनी (शिवलोक) में निवास कर रहे खूब सिंह का परिवार लंबे समय से संघर्षों के बीच जीवन व्यतीत कर रहा है। प्रशांत बचपन से ही पढ़ाई में बेहद कुशाग्र रहे हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शिवलोक स्थित शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय कॉलेज से हुई। इसके बाद भेल अनुसूचित जाति इम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के तहत चयन होने पर उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालय रोशनाबाद से अपनी इंटरमीडिएट की शिक्षा पूरी की।
स्वयं की कड़ी तैयारी और डॉक्टर बनने का सपना
प्रशांत की माता संगीता गौतम ने बताया कि सीमित संसाधनों और आर्थिक अभाव के बावजूद प्रशांत ने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लिए बिना अपनी लगन से नीट की तैयारी की। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को अपना आदर्श मानने वाले प्रशांत ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। प्रशांत का लक्ष्य अनुशासन और दृढ़ निश्चय के साथ एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी कर एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज के पिछड़े और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारी शिवलाल गौतम, डॉ. शुभम गौतम, वरिष्ठ अभियंता बृजेश कुमार, चंद्रकांत सिंह, सुबोध कुमार, मनोज कुमार, अंकुर मालिया, संगीता गिरी, मनोज शुक्ला समेत अनेक गणमान्य लोगों ने प्रशांत और उनके परिवार को ढेरों बधाइयां और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




