कड़ा संदेश: एसएसपी नवनीत सिंह के तेवर सख्त, विवेचना में ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज
कड़ा संदेश: एसएसपी नवनीत सिंह के तेवर सख्त, विवेचना में ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर गिरेगी गाज

भारत आवाज़ (24*7)
- नशा तस्करों की संपत्तियां होंगी कुर्क ऑपरेशन प्रहार को और धार देने के निर्देश
- सीयूजी नंबर पर अनसुनी पड़ेगी भारी; फरियादियों की अनदेखी की तो खैर नहीं
(विशाल सिंह) हरिद्वार। जनपद में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त बनाने और अपराधियों के दिल में खाकी का खौफ पैदा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को पुलिस कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित सितंबर माह की समीक्षा और अपराध गोष्ठी के दौरान एसएसपी के तीखे और सख्त तेवर देखने को मिले। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मामलों की विवेचना (Investigation) में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और प्रभारियों के खिलाफ सीधी विभागीय कार्रवाई होगी।
💥 नशा तस्करों की कमर तोड़ेगी पुलिस
गोष्ठी में एसएसपी ने नशे के सौदागरों के खिलाफ और अधिक आक्रामक रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी से काम नहीं चलेगा, बल्कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत इनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर तेजी से जब्त (Attachment of property) किया जाए। एसएसपी ने ऑपरेशन प्रहार में बेहतरीन काम करने वाले थानों की थपकी दी, वहीं सुस्त परफॉर्मेंस वाले थाना प्रभारियों को अल्टीमेटम देते हुए अपराध नियंत्रण व बरामदगी का ग्राफ तुरंत सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
🚦 त्योहारों पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा और ट्रैफिक
आगामी त्यौहारों के सीजन को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भीड़ नियंत्रण, यातायात की सुचारू व्यवस्था और कानून-व्यवस्था में कोई चूक न हो। उन्होंने मातहतों से सुझाव भी मांगे ताकि जनता को त्योहारों के दौरान किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
📞 सीयूजी फोन न उठाना पड़ेगा भारी!
जनता से संवाद और पारदर्शिता पर जोर देते हुए एसएसपी ने सीयूजी नंबरों (CUG Numbers) को लेकर भी कड़ा आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने सरकारी नंबरों पर आने वाली जनता की कॉल अनिवार्य रूप से अटेंड करें। फरियादियों की समस्याओं को संजीदगी से सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। जनसमस्याओं के समाधान में हीलाहवाली पुलिस की छवि को धूमिल करती है, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अपराध नियंत्रण पारदर्शी विवेचना और जनता का विश्वास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो अफसर जिम्मेदारी से पीछे हटेगा, उस पर सख्त एक्शन तय है।
नवनीत सिंह (एसएसपी, हरिद्वार)




