एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनहरिद्वार भारत

हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सिडकुल में अवैध पार्किंग पर कसा शिकंजा, 45 भारी वाहनों के चालान व ब्लैकलिस्ट की प्रक्रिया शुरू

हरिद्वार में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई: सिडकुल में अवैध पार्किंग पर कसा शिकंजा, 45 भारी वाहनों के चालान व ब्लैकलिस्ट की प्रक्रिया शुरू

भारत आवाज़ (24*7)

(सुबोध शर्मा) हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल (SIDCUL) में सड़कों पर बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के कारण लग रहे जाम और बढ़ते सड़क हादसों के खतरे को देखते हुए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर शुक्रवार को एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा और एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात बाधित करने वाले 45 भारी वाहनों के चालान काटे गए और उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई।

​सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत चला विशेष अभियान

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) निखिल शर्मा ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में अवैध पार्किंग को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस क्षेत्र में औद्योगिक वाहनों के साथ-साथ आम नागरिकों की भी निरंतर आवाजाही रहती है, जिससे सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे थे। आमजन के सुरक्षित और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया।

​ब्लैकलिस्ट होने से रुकेंगी विभागीय सेवाएं

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों के उल्लंघन की पुनरावृत्ति रोकने के लिए केवल चालान तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी गई है बल्कि इन सभी 45 वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा रहा है। विभागीय पोर्टल पर वाहन के ब्लैकलिस्ट होने की स्थिति में वाहन स्वामी को फिटनेस प्रमाण पत्र परमिट और अन्य आवश्यक विभागीय सेवाओं का लाभ लेने में रोक का सामना करना पड़ेगा।

​ट्रांसपोर्टरों और कंपनियों से की गई अपील

परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों ट्रांसपोर्टरों और सिडकुल स्थित औद्योगिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को केवल निर्धारित या अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि अवैध पार्किंग के विरुद्ध यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोबारा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button