कुंभ मेले के रंग में रंगी धर्मनगरी हरिद्वार: हाईवे से चंडी देवी की पहाड़ियों तक बिखरी भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण की छटा
कुंभ मेले के रंग में रंगी धर्मनगरी हरिद्वार: हाईवे से चंडी देवी की पहाड़ियों तक बिखरी भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण की छटा

भारत आवाज़ (24*7)
(सुबोध शर्मा) हरिद्वार, 20 नवंबर आगामी कुंभ मेले को दिव्य और भव्य रूप देने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार में तैयारियां जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व तथा कुंभ मेला अधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पूरे शहर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के स्वागत के लिए हाईवे की दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक को आकर्षक भित्ति चित्रों (वॉल पेंटिंग्स) से सजाया जा रहा है।
पौराणिक गाथाओं और ग्रीन कुंभ का संगम
देश के विभिन्न राज्यों से आए युवा कलाकार हरिद्वार की दीवारों पर अपनी कला के रंग बिखेर रहे हैं। इन कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है। दीवारों पर मुख्य रूप से इन विषयों को उकेरा जा रहा है:
- धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंग: समुद्र मंथन, रामायण, शिव लीला, भीम लीला और सती प्रसंग।
- आस्था और विरासत: हरकी पैड़ी, साधु-संतों के जीवन और महाकुंभ की भव्यता के दृश्य।
- पर्यावरण संदेश: ग्रीन कुंभ की थीम पर आधारित प्रकृति संरक्षण के चित्र।
युवा कलाकारों और छात्राओं को मिला बड़ा मंच
इस सौंदर्यीकरण अभियान में देशभर के मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (एमएफए) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) के छात्र-छात्राओं को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री के महिला सशक्तीकरण के विजन के तहत इस अभियान में छात्राएं भी बड़ी संख्या में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। इससे न केवल युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला दिखाने का मंच मिल रहा है बल्कि उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
प्रशासन की इस पहल से जहां एक ओर कुंभ नगरी की सुंदरता में चार चांद लग रहे हैं वहीं दूसरी ओर बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों को शहर में कदम रखते ही भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और पौराणिक विरासत के जीवंत दर्शन हो सकेंगे।




