एक्सक्लूसिव खबरेंराजनीतिहरिद्वार भारत

हरिद्वार से चुनावी शंखनाद करेगी भाजपा, दो दिवसीय विस्तारित कार्यसमिति आज से

हरिद्वार से चुनावी शंखनाद करेगी भाजपा, दो दिवसीय विस्तारित कार्यसमिति आज से

भारत आवाज़ (24*7)

  • ​21 और 22 नवम्बर को प्रेमनगर आश्रम में होगा महामंथन, जुटेंगे करीब 900 नेता व पदाधिकारी
  • ​रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम धामी और प्रदेश प्रभारी राम माधव करेंगे शिरकत
  • ​उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य : कुंदन परिहार

(सुबोध शर्मा) ​हरिद्वार, 20 नवम्बर। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धर्मनगरी हरिद्वार से अपनी चुनावी रणनीति का शंखनाद करने जा रही है। 21 और 22 नवम्बर को प्रेमनगर आश्रम में पार्टी की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से करीब 900 नेता और पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। इस बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित पार्टी के कई शीर्ष नेता शामिल होकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे।

​उत्तराखंड में हैट्रिक लगाने की तैयारी

शुक्रवार को प्रेमनगर आश्रम में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना है। इसके लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कार्यसमिति से आगामी चुनाव के लिए संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी।

​दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा

कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

​दो दिनों का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम:

  • ​पहला दिन (21 नवम्बर): सुबह 9 बजे कार्यसमिति का औपचारिक उद्घाटन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे पार्टी के विभिन्न मोर्चों और सात प्रकोष्ठों की संयुक्त कार्यसमिति बैठक होगी जिसमें मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इस दौरान अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी। पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की अहम बैठक आयोजित की जाएगी।
  • ​दूसरा दिन (22 नवम्बर): मुख्य विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, जनप्रतिनिधि और अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित लगभग 900 नेता प्रतिभाग करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इसी दिन कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।

​प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक मदन कौशिक, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया सह संयोजक विकास तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अभिनव चौहान और जिला महामंत्री संजीव चौधरी आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button