दीपावली से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन 13 नमूने जांच को भेजे; रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर समेत कई को नोटिस
दीपावली से पहले हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन 13 नमूने जांच को भेजे; रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर समेत कई को नोटिस

भारत आवाज़ (24*7)
(टीटू कुमार) हरिद्वार। आगामी दीपावली पर्व के दौरान आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन हरिद्वार ने जिले भर में बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में जिले की सीमाओं से लेकर स्थानीय प्रतिष्ठानों पर सघन जांच की गई। अभियान के तहत दूध, मावा, पनीर, गजक और पेड़ा समेत कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं।
रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिली गंदगी, जारी हुआ नोटिस
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सिडकुल स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान पेड़ा मिठाई के दो नमूने लिए गए। निरीक्षण में भारी अनियमितताएं पाई गईं—चिलर पैड गंदे मिले, बक्सों में धूल जमी थी और सफाई कीटनाशक रसायन खाद्य सामग्री के पास रखे मिले। वाहनों की सफाई का रिकॉर्ड न मिलने पर डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को सुधारात्मक कार्रवाई (इम्प्रूवमेंट) का नोटिस जारी किया गया है।
वाहनों और कंपनियों पर भी कसा शिकंजा
भेड़पुर चौराहा भगवानपुर और नारसन पुलिस चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से आ रही गाड़ियों और दूध-मिठाई के वाहनों की जांच की गई।
- भगवानपुर स्थित वैश्य इंटरप्राइजेज को इनवॉइस पर FSSAI नंबर और पैकेट पर बैच नंबर न डालने पर नोटिस थमाया गया।
- बिना फूड लाइसेंस और बिना तापमान नियंत्रण व्यवस्था के दूध बेचने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नोटिस जारी किए गए।
मिठाई दुकानों और कारखानों की जांच जारी
वरिष्ठ अधिकारियों की टीमों ने नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में मिठाई विक्रेताओं और निर्माण कारखानों का जायजा लिया। इस दौरान मिठाइयों और बेकरी उत्पादों पर मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट प्रदर्शित करने के नियमों की पड़ताल की गई। विभाग का कहना है कि त्योहार तक मिलावट रोकने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।




