एक्सक्लूसिव खबरेंहरिद्वार भारत

टीटी को मामा बताकर जनरल टिकट को थर्ड एसी में बदलने वाले 5 शातिर ठग गिरफ्तार जीआरपी ने मजदूरों से ठगे गए 50 हजार रुपए करवाए फ्रीज

टीटी को मामा बताकर जनरल टिकट को थर्ड एसी में बदलने वाले 5 शातिर ठग गिरफ्तार जीआरपी ने मजदूरों से ठगे गए 50 हजार रुपए करवाए फ्रीज

भारत आवाज़ (24*7)

(टीटू कुमार) ​हरिद्वार, 14 अक्टूबर: हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर मजदूरों को अपना आसान शिकार बनाने वाले एक शातिर ठग गिरोह का जीआरपी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ट्रेन के जनरल टिकट को थर्ड एसी में अपग्रेड कराने का झांसा देकर पश्चिम बंगाल के दो मजदूरों से 1 लाख रुपए से अधिक की ठगी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और उनकी उम्र 19 से 24 वर्ष के बीच है।

एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि 10 अक्टूबर की रात पश्चिम बंगाल (जिला वर्धमान) के रहने वाले मजदूर बिस्वजीत सौरेन और रंजीत कोरा कुंभ एक्सप्रेस से अपने घर जाने के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट लेकर इंतजार कर रहे थे। तभी आरोपी उनके पास आए और खुद को बिहारी बताकर उनसे घुल-मिल गए।

​इसके बाद ठगों ने झांसा दिया कि उनका ‘मामा रेलवे में टीटी है’ जो उनके जनरल टिकट को थर्ड एसी में बदल देगा। योजना के तहत उन्होंने अपने एक फर्जी टीटी साथी को भी बुला लिया। शातिरों ने मजदूरों को विश्वास दिलाया कि एसी कोच में बैठने से पहले रेलवे के नियमों के तहत सारा सामान, मोबाइल, पिन कोड, बैग और नकदी जमा करनी पड़ती है, जिसके बदले रसीद मिलती है जो बाद में सामान वापस पाने के काम आती है।

​खाते से उड़ाए 90,500 रुपए:

मजदूर ठगों के झांसे में आ गए और उन्होंने 12 हजार नकद मोबाइल फोन और अन्य सामान ठगों को सौंप दिया। जब काफी देर तक कोई रसीद या सामान नहीं मिला तो अगले दिन बैंक जाकर पता चला कि उनके खाते से 90,500 रुपए भी निकाले जा चुके हैं। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

​पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

जीआरपी ने तत्परता दिखाते हुए बिहार भागने की फिराक में घूम रहे पांचों आरोपियों—सौरभ, सुमित, किशन कुमार, जितेंद्र कुमार चौधरी और बंटी कुमार—को रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से 25 हजार नकद, पीड़ित का मोबाइल और 50 हजार रुपए बैंक खाते में फ्रीज करवा दिए हैं। एसपी जीआरपी ने इस खुलासे पर पुलिस टीम को 2,500 रुपए के इनाम की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button